मोटर ऑन करते ही मीनार समेत गिरी पानी टंकी

गया। बिहार में 'सात निश्चय' योजना को सीएम नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट कहा जाता है। लेकिन सीएम के इस ड्रीम प्रोजेक्ट में भी लूट खसोट तथा भ्रष्टाचार हुआ है। मामला गया के गुरुआ से जुड़ा है, जहां प्रखंड अंतर्गत पलुहारा पंचायत के बेलदार बिघा गांव में हर घर नल जल स्कीम वाला काम हुआ था। धूमधाम से इस काम के बाद टंकी का उदघाटन भी हुआ, लेकिन इस योजना के तहत लगाया गया जल मीनार उदघाटन कुछ दिन बाद ही जमींदोज हो गयी। ग्रामीणों ने बताया कि डेढ़ महीने पूर्व यह टंकी चालू हुई थी। रोज की तरह जैसे ही टंकी में पानी भरने के लिए मोटर ऑन की पांच मिनट बाद ही टंकी टूटकर नीचे गिर गयी। टंकी गिरने की आवाज हुई तो वहां आसपास अफरा तफरी मच गई। संयोग था कि जिस वक्त पानी भरने के लिए मोटर ऑन किया गया था उस वक्त वहां कोई नहीं था, नहीं तो एक बड़ी दुर्घटना घट सकती थी। सात निश्चय योजना के तहत जलापूर्ति के लिए जिले में हर घर नल का जल योजना के तहत कई जल मीनार बनाए गए हैं साथ ही टंकी भी लगाए गए हैं। इस विकास कार्य में संवेदक अधिक पैसे बचाने के लिए लगातार घटिया सामग्रियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे पहले भी बिहार के खगड़िया में ऐसी ही घटना सामने आई थी जब मोटर ऑन करते ही पानी की टंकी जमीन पर आ गिरी थी।
