हवा बंगला शिर्डीधाम सांई मंदिर के संस्थापक ओम अग्रवाल नहीं रहे

इन्दौर । हवा बंगला मेन रोड़ स्थित शिर्डी धाम सांई मंदिर के संस्थापक एवं शहर के प्रमुख सांई भक्त ओमप्रकाश अग्रवाल का दिल का दौरा पड़ने से रविवार को आकस्मिक निधन हो गया। वे 82 वर्ष के थे और जीवन पर्यन्त सांई बाबा के परम भक्त बनकर अनेक सेवाकार्यों में जुटे रहे। उनके निधन के समाचार से सांई भक्तों में शोक की लहर दौड़ गई।
पिछले दिनों उन्हें मामूली बीमारी के बाद यूनिक हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था लेकिन दिल का दौरा पड़ने के बाद बाम्बे हॉस्पिटल ले जाने पर वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्व. अग्रवाल अपने पीछे पुत्र महेश कुमार के अलावा भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उन्होंने वर्ष 1982 में हवा बंगला क्षेत्र में शिर्डी धाम सांई मंदिर की स्थापना की। वे पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री प्रकाशचंद्र सेठी के साथ भी लंबे समय तक सक्रिय रहे और ठेला-गुमटी यूनियन के अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने नगर निगम एवं सरकार से अनेक लड़ाईयां भी लड़ी।
अंतिम यात्रा उनके चाणक्यपुरी स्थित निवास से रीजनल पार्क मुक्तिधाम पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में सांई भक्तों ने शामिल होकर श्रद्धा सुमन समर्पित किए। उठावना मंगलवार 5 जनवरी को सांय 4 बजे कमल कुंज, 46, चाणक्यपुरी, अन्नपूर्णा रोड स्थित निवास पर रखा गया है।
