राज्य सरकार ने स्कूलों का व्हीकल टेक्स किया माफ

अहमदाबाद | मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कोविड-19 कोरोना वायरस की परिस्थिति में बंद रहे स्कूलों को राहत देने का एक महत्वपूर्ण निर्णय किया है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय के अनुसार राज्य में शैक्षणिक संस्थानों-स्कूलों के नाम पर पंजीकृत और चलने वाली 1 अप्रैल, 2017 से पहले पंजीकृत बसों के लिए 1 अप्रैल-2020 से 31 दिसंबर-2020 तक की अवधि का मोटर व्हीकल टैक्स माफ कर दिया है। ऐसी स्कूल बसों का इस अवधि के दौरान अन्य किसी व्यापारिक गतिविधियों के लिए उपयोग नहीं किया है, उसकी जांच करने के बाद उसे नॉन यूज वाहनों के तौर पर टैक्स माफी दी जाएगी। राज्य के शैक्षणिक संस्थानों और स्कूलों की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष इस संदर्भ में रखी गई बात पर संवेदनशील प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने यह निर्णय किया है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कोविड-19 महामारी की स्थिति में स्कूल-कॉलेजों समेत शैक्षणिक संस्थानों के बंद रहने के कारण उनकी बसों को मोटर व्हीकल टैक्स के बोझ से राहत देने के लिए यह अहम निर्णय किया है। उल्लेखनीय है कि ऐसी स्कूल बसें जो उनके स्वामित्व की हो और जो 1 अप्रैल, 2017 से पहले पंजीकृत की गई हो, उन स्कूल बसों में सालाना 200 रुपए प्रति सीट के हिसाब से मोटर व्हीकल टैक्स वसूला जाता है।
