अमेरिका में एक और गुजराती की हत्या, शोक में डूबा परिवार

नवसारी | अमेरिका में एक और गुजराती की हत्या कर देने की घटना सामने आई है| दक्षिण गुजरात के नवसारी के गणदेवी के मूल निवासी और अमेरिका में अटलान्टा के रेड मोटेल में 52 वर्षीय मेहूलभाई वशी की एक अश्वैत ने गला घोंटकर हत्या कर दी| शोक संतप्त परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है| नवसारी में इस घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई है| जानकारी के मुताबिक नवसारी जिले के गणदेवी के निवासी 86 रविन्द्रभाई मगनभाई वशी निवृत्त शिक्षक हैं| रविन्द्रभाई के पुत्र 52 वर्षीय मेहूलभाई वशी अमेरिका में ज्योर्जिया के ओगस्टा इवान्स में पत्नी हेतल, दो बेटियां आरोही और बीर्वा के साथ रहते थे| मेहूल वशी अटलान्टा के रेड मोटेल में बतौर जनरल मैनेजर सेवारत थे| जबकि उनकी पत्नी हेतल अटलान्टा की एक फैक्ट्री में नौकरी करने के साथ ही ब्यूटी पार्लर भी चलाती है| मेहूल वशी जिस मोटेल के जनरल मैनेजर थे, उसका रिनोवेशन का काम चल रहा था| जहां रिनोवेशन की बात को लेकर मेहूल वशी और एक अश्वैत शख्स के साथ कहासुनी हुई थी| जिसमें अश्वैत शख्स ने मेहूल वशी की गला घोंटकर हत्या कर दी| उस दौरान मेहूल वशी की जगह रात्रि शिफ्ट में आनेवाले कर्मचारी का फोन आया, जिसमें मेहूल के बारे में पूछा गया| जिसमें अश्वैत शख्स ने कहा कि मैंने मेहूल वशी को मार डाला है| जिसके बाद घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी गई|
