ठाणे पुलिस ने नाबालिग बहनों के अपहरण की गुत्थी सुलझाई

ठाणे। मुंबई से सटे ठाणे से अपहृत हुई दो बहनों के मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार ठाणे से दो नाबालिग बहनों का अपहरण करने के आरोप में एक व्यक्ति और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार किया गया है. वागले स्टेट पुलिस थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक डी.एस.धोले ने कहा कि महिला इन बच्चियों की रिश्तेदार थी. इसी का फायदा उठाकर उसने बच्चियों का अपहरण किया था. हालांकि अब इन बच्चियों को मुक्त करा लिया गया है और वह दोनों अब सुरक्षित हैं. दोनों बहनों की उम्र पांच और छह साल है. वह बुधवार को अपने घर के पास खेल रही थी तभी महिला उन्हें अगवा कर फरार हो गयी. महिला अपने साथी के साथ दोनों बच्चियों को भिवंडी के कालहेर ले गयी. बच्चियों के माता पिता ने जब मामले की शिकायत दर्ज करायी इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया. पुलिस ने आरोपियों सूफियां शेख (23) और अनिल गांबले (27) की पहचान की और उनकी गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले. दोनों के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं इसलिए मामले की जांच अभी चल रही है.

Leave a Reply