मनसे कार्यकर्ताओं को मंदिर के झरने में नहाना पड़ा भारी, आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज

ठाणे । महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक ‘समाधि’ मंदिर के अंदर स्थित गर्म पानी के चश्मे में प्रवेश कर मंदिर प्रबंधन के आदेशों की अवहेलना करने के लिए मनसे के आठ कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। ठाणे जिले में गणेशपुरी थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक महेश सागडे ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और महामारी कानून के तहत मनसे के स्थानीय नेता सुनील देवरे और पार्टी के सात अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कोविड-19 महामारी के कारण राज्य में महामारी कानून लागू हैं। पुलिस ने बताया कि मंदिर के प्रबंधन ने मंदिर को आम लोगों के लिए खोला था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण गर्म पानी के चश्मे में नहाने पर रोक है। मंदिर के भीतर एक संत की समाधि है और वहीं पर गर्म पानी का चश्मा भी है।
आदेश का उल्लंघन करते हुए राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे के कार्यकर्ता गुरुवार को गर्म पानी के चश्मे में नहाने गए थे। सागडे ने बताया कि इस संबंध में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Leave a Reply