जदयू तथा बीजेपी नेताओं की बंद कमरे में हुई बातचीत

पटना। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार और विधान परिषद के लिए सीटों पर बंटवारे की चर्चा के बीच आज अचानक जेडीयू और बीजेपी नेताओं की बैठक हुई। जदयू कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह से मिलने बीजेपी के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल पहुंचे। करीब आधे घंटे इन तीनों नेताओं की बंद कमरे में बातचीत हुई। कहा जा रहा है कि बीजेपी और जेडीयू में अरुणाचल के घटना से जो खटास पैदा हुई है, उसे दूर करने की कोशिश के साथ-साथ मंत्रिमंडल विस्तार और विधान परिषद के लिए सीटों के बंटवारे पर चर्चा हुई। हालांकि मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने इसे सिर्फ औपचारिक बातचीत बताया है। साथ ही भूपेंद्र यादव के कहा कि बिहार में बीजेपी जदयू, हम और वीआईपी पार्टी की सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में मजबूती से चल रही है। इसके अलावा कहा कि लोगों को कोरोना वैक्सीन देने के लिए बिहार समेत पूरे देश में मजबूती से तैयारी की जा रही है। जदयू और बीजेपी के दोनों शीर्ष नेताओं ने इस मुलाकात को औपचारिक कहा, लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर इन दोनों नेताओं ने सिर्फ यही कहा कि कहीं कोई विवाद नहीं, समय से सब कुछ हो समय से जाएगा । हालांकि कब होगा और इसके लिए वार्ता कब होगी इस पर किसी ने कुछ भी कहने से परहेज किया। बैठक के बाद जेडीयू और बीजेपी के दोनों नेता सिर्फ यही बताने में जुटे थे कि एनडीए में सब कुछ ऑल इज वेल है और बिहार में एनडीए की सरकार 5 वर्षों तक मजबूती के साथ चलेगी।हम की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जीतन राम मांझी की नई डिमांड पर भी जदयू ने जवाब दिया है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने कहा कि सभी घटक दल के नेता बैठ कर इस पर फैसला करेंगे। दरअसल, मांझी ने मंत्रिमंडल में एक सीट और विधान परिषद में एक सीट की डिमांड की है। राजद नेता शक्ति यादव ने इस मुलाकात पर चुटकी लेते हुए कहा कि सरकार में बीजेपी का दबदबा कैसे बना रहे, इसलिए बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह से मुलाकात की है। जदयू और बीजेपी के लोग कितनी भी मुलाकात कर तालमेल बनाने की कोशिश करें, लेकिन सबकुछ ठीक होने वाला नहीं है।
