नाम पर घमासान, सीएम ठाकरे के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर औरंगाबाद को बताया संभाजीनगर

मुंबई। औरंगाबाद के नाम बदलने पर चल रहे विवाद के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के ऑफिसियल ट्विटर हैंडल में औरंगाबाद को संभाजीनगर बताया गया. इस ट्वीट में औरंगाबाद के लोगों के सपनों के घर को पूरा करने की बात कहते हुए उन्हें संभाजीनगरवासी लिखा गया है. कल ही इसी ट्विटर हैंडल से संभाजीनगर का उल्लेख किया गया था, जिस पर कांग्रेस ने ऐतराज जताते हुये कहा कि ये हमारे कॉमन मिनीमम प्रोग्राम के तहत नहीं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से औरंगाबाद शहर का नाम संभाजीनगर लिए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है. थोराट ने कहा कि वो कांग्रेस पार्टी की भूमिका सीएम उद्धव ठाकरे के सामने एक बार फिर रखेंगे. जब उनसे पूछा गया कि आपके विरोध के बाद भी सीएमओ ऑफिस ने ट्वीट क्यों नही हटाया तो इस पर उनका कहना था कि ये ट्वीट गलती से हुआ होगा और क्यों नहीं हटाया इसको लेकर वो बात करेंगे. गौरतलब हो कि पिछले साल ६ दिसंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार से छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर औरंगाबाद हवाईअड्डे का नाम बदलने की अधिसूचना जारी करने का आग्रह किया था. 

Leave a Reply