11 महीने पहले हुई थी महिला की हत्या, चोरी की घटना की जांच में हुए खुलासे में आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई में 11 महीने पहले हुई 75 वर्षीय गुलाबी शेट्टी नाम की महिला की हत्या के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. ख़ास बात ये है कि चोरी की घटना की जांच में हुए खुलासे में आरोपी गिरफ्तार हुए हैं. अब पुलिस उन दो आरोपियों से हत्या की वजह की तलाश कर रही है. डीएन नगर पुलिस के अनुसार 24 फरवरी 2020 को पुलिस को जब इस हत्या की जानकारी मिली थी तब पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. लेकिन आरोपी उनके हाथ नहीं लग रहा था. हाल ही में बांद्रा पुलिस एक घर में हुई चोरी मामले की जांच कर रही थी. उसी दौरान पुलिस ने 23 वर्षीय नूराली सत्तार को कोलकाता से और 21 वर्षीय राशेदुल शेख को मुंबई से गिरफ्तार किया था. पुलिस जब इनसे पूछताछ कर रही थी और इनके पुराने मामले खंगाल रही थी उसी दौरान एक आरोपी 11 महीने पहले की हत्या का राज खोल दिया. इसे सुनते ही पुलिस के होश उड़ गए और बांद्रा पुलिस ने इस बात की जानकारी डीएन नगर पुलिस को दी और साथ में जांच करनी शुरू कर दी.
– क्या था पूरा मामला
75 वर्षीय गुलाबी शेट्टी जो अपने पति की हत्या और बेटी की शादी करा देने के बाद से ही अंधेरी के वर्सोवा इलाके में अकेले रहती थी. गुलाबी शेट्टी की लाश उनके रिश्तेदारों को उनके ही घर के बाथरूम में मिली थी. पुलिस ने कहा कि 24 फरवरी की शाम करीब 4 बजे गुलाबी की रिश्तेदार सुजाता ने बताया कि वो गुलाबी से मिलने गयी लेकिन कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद जब उनकी रिश्तेदार गुलाबी ने दरवाजा नहीं खोला तो वह वहां से चली गयी. कुछ देर बाद सुजाता के पति वहां पहुंचे तो देखा घर कि दरवाजा खुला था और बाथरूम में पीली रंग की साड़ी में लिपटी गुलाबी गिरी थीं. गुलाबी बेहोश थी और जब उन्हें अस्पताल लेकर गए तब तक उनकी मौत हो गयी थी. पुलिस की मानें तो आरोपी ने पूरे घर को उथल पुथल कर दिया था और आरोपी ने गुलाबी का मुंह, गला, हाथ और पैर उनकी साड़ी से बांध दिया. इस वजह से उनका दम घुट गया और उनकी मौत हो गयी. गुलाबी की बेटी मनोरमा ने पुलिस को बताया कि उनकी मां ने तीन घर भाड़े पर दिया था उसमें से एक भाड़ेदार ने करीब 1 बजे गुलाबी को देखा था उस समय वो सामान्य थीं. पुलिस ने उस वक्त उस इलाके के कई सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की थी लेकिन उन्हें उस वक्त कुछ नहीं मिला था.
– पति की भी हुई थी हत्या!
गुलाबी शेट्टी की कई संपत्ति अंधेरी इलाके में थी और उन्हीं में से एक संपत्ति के विवाद के कारण 1997 में उनके पति नारायण शेट्टी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गयी थी. उस वक्त हत्यारों ने मनोरमा को भी मारने की कोशिश की थी पर उस समय वह बच गयी थी. मनोरमा के साथ-साथ पुलिस को भी शक था कि इस हत्या के पीछे उन्हीं लोगों का तो हाथ नहीं? फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जहां उन्हें 15 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब ये जानना चाहती है हत्या क्यों और कैसे की गई?
