16 जनवरी को फिर स्कूलों में एक साथ शिक्षक पालक संघ की बैठक होगी

भोपाल । 16 जनवरी को स्कूलों में फिर एक साथ शिक्षक-पालक संघ की बैठक होने जा रही है। इसमें अब पालकों को उनकी जिम्मेदारी समझाई जाएगी। उनको बताया जाएगा कि घर पर बच्चों की पढ़ाई पर कैसे ध्यान दिया जाए।
कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते स्कूल पहले से बंद थीं। पहले नई गाइडलाइन के हिसाब से 10वीं-12वीं की नियमित कक्षाएं शुरू की गईं और अब 9वीं-11वीं की कक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम है और बच्चों के पालक बच्चों को अभी भी स्कूल भेजने से डर रहे हैं। अधिकांश पालक बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन ही जारी रखना चाहते हैं। इधर लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी स्कूलों के लिए परिपत्र जारी किया है और 16 जनवरी को सभी स्कूलों में एक साथ एक ही समय पर शिक्षक-पालक संघ की बैठक आयोजित करने को कहा है। स्कूलों के साथ-साथ घर पर बच्चों की पढ़ाई पर किस तरह ध्यान दिया जाए इसको लेकर अब पालकों को समझाइश दी जाएगी, क्योंकि अब स्कूलों में तिमाही, छमाही परीक्षाओं का दौर भी शुरू होने जाने रहा है।
