सेना ने अखनूर में घुसपैठ का प्रयास विफल किया, 3 आतंकी ढेर, पाक सैनिकों की फायरिंग में 4 जवान घायल

जम्मू । जम्मू-कश्मीर में सीमा की सुरक्षा में तैनात भारतीय जवानों ने एक बार फिर पाकिस्तान की नापाक साजिश को नाकाम बना दिया है। रात के अंधेरे में गोलीबारी की ओट में आतंकवादियों की भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ के इरादे से पाकिस्तानी सैनिकों ने देर रात अखनूर-सुंदरबनी के बीच पड़ने वाले खौड़ सेक्टर में अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय जवानों ने पाकिस्तानी सैनिकों की इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब देते हुए घुसपैठ की कोशिश कर रहे तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया, जबकि दो बचकर भाग निकले। इस घटना में चार भारतीय जवान घायल हुए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों को पहले ही पाकिस्तानी सैनिकों व गुलाम कश्मीर में बैठे आतंकी संगठनों के आकाओं के इस मंसूबों की भनक लग गई थी। सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस समेत बीएसएफ और सेना को इस बारे में सचेत कर दिया था। आतंकवादी गणतंत्र दिवस की खुशियों में किसी तरह का खलल न डाल पाएं इसी लिए सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सीमा से सटे इलाकों में चौकियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। रोजाना तलाशी अभियान भी चलाए जा रहे हैं। 
एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि मंगलवार की रात को पाकिस्तानी सैनिकों ने खौड़ सेक्टर में अचानक से भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने फायरिंग का कवर देते हुए आतंकियों को भारतीय सीमा में प्रवेश कराने का प्रयास किया। भारतीय सैनिक उनकी इस रणनीति को समझ गए और फायरिंग का जवाब देते हुए भी सीमा पर नजरें गड़ाए रखी। उन्हें रात के अंधेरे में पांच घुसपैठिए छुपते-छुपाते भारतीय सीमा की ओर आते दिखे। इससे पहले की पांचो आतंकी भारतीय सीमा में प्रवेश कर पाते, उनमें से तीन को ढेर कर दिया गया, जबकि दो भाग निकलने में सफल हो गए।
अपनी योजना को नाकाम होता देख पाकिस्तानी सैनिकों ने भी उसी ओर फायरिंग शुरू कर दी, जहां से आतंकवादियों को निशाना बनाया जा रहा था। जिससे चार भारतीय जवान घायल हो गए, जबकि दो आतंकवादी सुरक्षित वापस भागने में सफल रहे। घायल जवानों को तुरंत सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया। उनका इलाज चल रहा है। हालत बेहतर बताई जा रही है। सूत्रों ने बताया कि गोलीबारी का यह सिलसिला करीब तीन घंटे तक चला। योजना नाकामयाब होने पर पाकिस्तानी सैनिकों ने कुछ देर फायरिंग की फिर शांत हो गए। सैन्य सूत्रों के अनुसार मारे गए तीनों आतंकवादियों के शव अब भी सीमा पार पड़े हुए हैं। पाक सैनिकों ने उन्हें अब तक वहां से नहीं हटाया है। 

Leave a Reply