राजस्थान पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह किया पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

जयपुर । जयपुर में घरों में घुसकर चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पुलि स ने पर्दाफाश किया है। यह शातिर गिरोह जयपुर के अलग-अलग जगहों में घूम-घूमकर सूने मकानों को ढूंढता था और उसपर धावा बोलकर नकदी और जेवरात की चोरी करता था। पुलिस को इस गिरोह की लंबे समय से तलाश थी। जानकारी के मुताबिक, इस गिरोह को उत्तर प्रदेश का एक ग्राम प्रधान और दूसरा प्रधान पति अपने साथियों के साथ मिलकर संचालित कर रहा था। जयपुर पुलिस ने बताया कि यहां पिछले कई दिनों से चोरी की घटनाएं प्रकाश में आ रही थीं। चोर सूने मकानों को निशाना बना रहे थे। डीसीपी ने बताया कि गिरोह का सरगना चंद्रभान और हरीश चंद्र उत्तर प्रदेश से जयपुर आते थे। पकड़े गए चोरों में से एक ग्राम प्रधान है जबकि उसका दूसरा साथी खुद को एक ग्राम प्रधान का पति बता रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इसके कब्जे से कैश, सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान बरामद किया है। जयपुर पुलिस ने बताया कि चंद्रभान और हरीश जयपुर में काफी दिनों से सक्रिय थे। वो अपने तीसरे साथी के साथ यहां स्कूटी से घूमकर रेकी करते थे। उनके निशाने पर सूने मकानों और फ्लैट होते थे। इसके बाद वो तीनों जयपुर में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कई खुलासे किए हैं। इस गिरोह ने राजस्थान और दिल्ली सहित अन्य राज्यों में दर्जनभर से ज्यादा चोरियां करने की बात कबूल की है। फिलहाल पुलिस अब इनके दूसरे साथियों को भी पकड़ने की कोशिश कर रही है।
