मस्जिद का नक्शा अप्रूव करवाने में हो रही दिक्कतें, नींव के निर्माण को लेकर हो रही है तैयारी

अयोध्या। गणतंत्र दिवस पर अयोध्या की धन्नीपुर मस्जिद की नींव के निर्माण को लेकर जहां एक ओर तैयारी चल रही हैं। वहीं मस्जिद और इसके काम्प्लेक्स में प्रस्तावित सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल, कम्युनिटी किचन, कल्चरल रिसर्च सेंटर, लाइब्रेरी आदि के ब्लूप्रिंट को एडीए से पास करवाने में अड़चनें सामने आ रही हैं। मस्जिद ट्रस्ट आईआईसीएफ के सामने सबसे बड़ी दिक्कत आयकर की धारा 80जी तहत टैक्स छूट का आदेश न मिलने को लेकर है।
मस्जिद ट्रस्ट के सचिव अतहर हुसैन के मुताबिक कई महीने पहले आयकर छूट का आवेदन किया गया था। आदेश न मिलने के कारण मस्जिद ट्रस्ट के खाते में दान की धनराशि नहीं जमा की जा रही है। जबकि मस्जिद कांप्लेक्स का नक्शा अयोध्या विकास प्राधिकरण से अप्रूव करवाने से लेकर मस्जिद का निर्माण शुरू करने में करोड़ों के फंड की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने बताया कि मस्जिद का ब्लूप्रिंट तैयार है, जिसकी हार्ड कॉपी ही अब अयोध्या विकास प्राधिकरण में जमा होगी। अतहर हुसैन के मुताबिक नक्शे के साथ कई विभागों की एनओसी भी जमा करनी होगी। अब 26जनवरी के बाद ही एडीए से मस्जिद का नक्शा अप्रूव करवाने के लिए संपर्क किया जाएगा।
राम मंदिर के नक्शे को अप्रूव करवाने के लिए मंदिर ट्रस्ट ने 2.26 करोड़ रुपये विकास और अन्य शुल्क के तौर पर जमा किया था। जाहिर है कि मस्जिद का नक्शा पास करवाने में विकास शुल्क के तौर पर मोटी रकम जमा करनी पड़ेगी। एडीए के उपाध्यक्ष विशाल सिंह के मुताबिक अभी तक मस्जिद ट्रस्ट ने सबमिशन मैप नहीं जमा किया है। नक्शा जमा होने के बाद ही टैक्सों का आंकलन शुरू कर दिया जाएगा।
