कोरोना वैक्सीन के लिए 35 हजार करोड़ रुपये का ऐलान, जानें हर अपडेट

नई दिल्ली | मोदी सरकार आज यानी 1 फरवरी को आम बजट पेश कर रही है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज 11 बजे अपना लगतार तीसरा बजट पेश कर रही हैं। संसद में बजट पेश होने से पहले केंद्रीय कैबिनेट की एक बैठक हुई, जिसमें उसे मंजूरी मिली। इसके बाद टैबलेट के जरिए वित्त मंत्री बजट पेश कर रही हैं। माना जा रहा है कि कोरोना की वजह से सुस्त पड़े अर्थव्यवस्था को निर्मला सीतारमण आज आर्थिक टीका दे रही हैं। इस बजट से उम्मीद की जा रही है कि इसमें महामारी से पीड़ित आम आदमी को राहत दी मिलेगी। साथ ही स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचे और रक्षा पर अधिक खर्च के माध्यम से आर्थिक सुधार को आगे बढ़ाने पर अधिक ध्यान दिये जाने की भी उम्मीद की जा रही है। यह एक अंतरिम बजट समेत मोदी सरकार का नौवां बजट होने वाला है। यह बजट ऐसे समय पेश हो रहा है, जब देश कोविड-19 संकट से बाहर निकल रहा है। इसमें व्यापक रूप से रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास पर खर्च को बढ़ाने, विकास योजनाओं के लिये उदार आवंटन, औसत करदाताओं के हाथों में अधिक पैसा डालने और विदेशी कर को आकर्षित करने के लिये नियमों को आसान किये जाने की उम्मीद की जा रही है।
– वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अगले पांच साल में 1,41,678 करोड़ रुपये के व्यय के साथ स्वच्छ भारत के दूसरे चरण का क्रियान्वयन किया जाएगा।
– सीतारमण ने कहा कि बजट प्रस्ताव स्वास्थ्य और जन कल्याण, भौतिक और वित्तीय पूंजी सहित छह स्तंभों पर आधारित हैं। 2020-21 के बजट में 6 स्तंभों का प्रस्ताव: 1. स्वास्थ्य और कल्याण 2. भौतिक और वित्तीय पूंजी एवं अवसंरचना 3. आकांक्षी भारत के लिए समावेशी विकास 4. मानव पूंजी में नवजीवन का संचार करना 5. नवप्रवर्तन और अनुसंधान एवं विकास 6. न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन
-वित्त मंत्री ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अलावा 64,180 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ आत्मनिर्भर स्वास्थ्य कार्यक्रम की शुरुआत का प्रस्ताव रखा। वित्त मंत्री ने 4,378 शहरी स्थानीय निकायों के लिये 2.87 लाख करोड़ रुपये के व्यय के साथ जल जीवन मिशन की घोषणा की।
-वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अब तक केवल तीन बार अर्थव्यवस्था में गिरावट आयी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों की मदद के लिये अपने संसाधनों का यथासंभव पूरा उपयोग किया है। सरकार सतत और भरोसेमंद वृद्धि के लिये अर्थव्यवस्था के समर्थन को लेकर पूरी तरह से तैयार है।
-कोरोना वैक्सीन के लिए 35 हजार करोड़ रुपये का ऐलान किया। कोविड वैक्सीन को विकसित करने के लिए मोदी सरकार ने 35,000 करोड़ रुपये की रकम का आवंटन किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अगर इससे ज्यादा रकम की जरूरत होती है तो वह भी उपलब्ध कराई जाएगी।
– वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 'आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना' योजना का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस पर 64 हजार करोड़ की पूंजी खर्च होगी। सीतारमण
ने कहा कि सरकार ने कोविड-19 महामारी से निपटने के लिये आत्मनिर्भर पैकेज के तहत 27.1 लाख करोड़ रुपये की घोषणा की। आत्मनिर्भर भारत पैकेज ने संरचनात्मक सुधारों की गति को तेज किया।
-वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत में दो और वैक्सीन जल्द ही लॉन्च होंगी। उन्होंने कहा कि आज भारत के पास दो वैक्सीन उपलब्ध हैं। हमने कोविड-19 के विरुद्ध स्वयं के नागरिकों को चिकित्सा की दृष्टि से सुरक्षित करना शुरू किया है। 100 या उससे अधिक देशों के लोगों को भी इसकी सुरक्ष मुहैया कराई है।
– निर्मला सीतारमण ने कहा कि पीएम मोदी ने गरीब तबकों के लिए खजाना खोले रखा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, आत्मनिर्भर योजना मिनी बजट की तरह ही है। आत्मनिर्भर पैकेज ने रिफॉर्म को आगे बढ़ाया।
-वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि जिस तरह से इस बार बजट बनाया गया वैसा पहले कभी नहीं हुआ, यह एक बड़ी चुनौती थी। पिछली बार जब हम बजट पेश कर रहे थे, तब ये पता नहीं था कि ग्लोबल इकॉनमी कहां जाने वाली है। हमने ये कल्पना नहीं की थी कि हम हेल्थ संकट की तरफ बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ण लॉकडाउन के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना शुरू की गई। इससे 80 करोड़ गरीबों को फायदा मिला। आठ करोड़ परिवारों को मुफ्त गैस सिलिंडर मिला।
– वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में बजट पेश कर रही हैं। अपने बजट भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से देश को बाहर निकालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को कई आर्थिक पैकेज दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार का बजट डिजिटल बजट है, ये ऐसे वक्त में आ रहा है जब देश की GDP लगातार दो बार माइनस में गई है, लेकिन ग्लोबल इकनॉमी के साथ भी ऐसा ही हुआ है। 2021 ऐतिहासिक साल होने जा रहा है, जिसपर देश की नजर है। आम बजट को मोदी कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है।
