भाजपा विधायकों को सिखाएगी आचार-व्यवहार

भोपाल । प्रदेश भाजपा अपने विधायकों को समाज में और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनका आचरण-व्यवहार कैसा हो, इस बार में सिखाएगी। विधायकों की समाज में क्या भूमिका होनी चाहिए, समाज उनसे क्या अपेक्षा करता है, इन सारे मुद्दों पर भाजपा ने विधायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 12-13 फरवरी को पचमढ़ी में आयोजित किया है। इसमें वरिष्ठ नेता विधायकों का मार्गदर्शन करेंगे। इससे पहले पार्टी ने प्रदेश पदाधिकारयों को इंदौर में यही सब प्रशिक्षण दिया है। उसमें उन्हें प्रवास के दौरान कैसा व्यवहार होना चाहिए, यह भी बताया गया। विधायकों को भी बताया जाएगा कि कार्यकर्ताओं के साथ वे कैसे पेश आएं। सरकार के फैसलों की आलोचना से बचें। प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव पी मुरलीधर राव भी शामिल होंगे। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के मुताबिक दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में विधायकों के अतिरिक्त पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष भी उपस्थित रहेंगे। प्रदेश में भाजपा संगठन विधानसभा चुनाव से ठीक तीन साल पहले से 'मिशन 2023" के मोड में आ गया है। इसके लिए विधायकों की छवि बदलने पर काम किया जा रहा है। अभी तक आमतौर पर विधायकों का व्यवहार जनता प्रति ठीक नहीं है, इसलिए विधायकों को जिम्मेदार बनाया जा रहा है। उनके कामकाज का आकलन किया जा रहा है। विधायकों की भूमिका से पार्टी कोई समझौता नहीं करना चाहती है। स्थानीय स्तर पर उनका व्यवहार, आचरण, संगठन की गतिविधियों में रुचि से लेकर कार्यकर्ताओं की उनके बारे में राय ली जाएगी। भाजपा को विधानसभा चुनाव 2013 में कांग्रेस से बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। पार्टी इसकी तैयारी में जुट गई है। कांग्रेस के पास फिलहाल 96 विधायकों का बड़ा विपक्ष है। ऐसे में अगला चुनाव बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबसे बड़ा नुकसान विधायकों की छवि के कारण ही हुआ था। 230 विधायकों वाली मप्र विधानसभा में भाजपा के 166 विधायक जीते थे। पार्टी ने 56 विधायकों के टिकट काटे थे, फिर भी पार्टी सरकार बनाने से वंचित रह गई। तब पार्टी के हर सर्वे में विधायकों के प्रति जनता और कार्यकर्ताओं में बेहद आक्रोश था। कई सीटों पर पार्टी सिर्फ चेहरा न बदल पाने के कारण हारी। इस बारे में भाजपा के प्रदेश महामंत्री रजनीश अग्रवाल का कहना है कि प्रशिक्षण पार्टी की नियमित परंपरा है। विधायकों को भी पार्टी की रीति-नीति से इसमें अवगत कराया जाएगा। समसामयिक मुद्दे,परिस्थितियांऔर संगठन की लक्ष्यों पर चर्चा होगी।
