टैंडर की खातिर रिश्वत देने का एग्रीमेंट हुआ…..

हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर
भोपाल।प्रदेश के सिंगरौली स्थित नार्दन कोलफील्ड्स लिमिटेड का एक टेण्डर प्राप्त करने के लिये न केवल रिश्वत दी गई बल्कि रिश्वत दिये जाने का एग्रीमेंट भी किया। इस मामले में जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह है मामला :
उप्र के गाजीपुर निवासी एसएम अम्बेडकर डेवलपर्स एण्ड कन्स्ट्रक्शन प्रालि के संचालक सुरजमल अम्बेडकर ने सिंगरौली स्थित एनसीएल का एक टेण्डर अपने पक्ष में खुलवाने के लिये दिलीप कुमार श्रीवास्तव नामक व्यक्ति को साढ़े छह लाख रुपये की रिश्वत दी। बाद में दिलीप ने कहा कि दूसर कंपनी दस लाख रुपये दे रही है इसलिये टेण्डर चाहते हो तो दस लाख रुपये दो। बाद में टेण्डर सुरजमल के पक्ष में नहीं खुला।
सुरजमल ने दिलीप से अपने पैसे वापस मांगे जिस पर दिलीप ने एक एग्रीमेंट कर छह माह में बिना ब्याज दिये पैसे वापस करने का वादा किया। यह मामला हाईकोर्ट पहुंचा जिस पर हाईकोर्ट ने रिश्वत का 26 नवम्बर 2018 को हुये एग्रीमेंट में जिक्र होने पर सुरजमल पर ही एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिये क्योंकि रिश्वत लेना एवं देना, दोनों अपराध हैं।
