दिग्विजय सिंह द्वारा राम मंदिर चंदे की जांच की मांग

भोपाल । राज्यसभा सांसद एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी को पत्र लिखकर प्रदेश में राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्रित करने को लेकर हुई साम्प्रदायिक घटनाओं को रोकने और प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब नही होने देने के लिए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रदत्त निर्देशों का पालन करने की मांग की है। श्री सिंह ने चंदा एकत्रित करने के नाम पर अल्पसंख्यक समुदाय के साथ हो रही घटनाओं को रोकने के सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्देशित किये गए प्रतिरोधात्मक, समाधानकारक और दंडात्मक उपायों को अपनाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि उनके द्वारा पीडि़त समुदाय के प्रतिनिधिमंडल के साथ स्वयं भेंट करके मुख्य सचिव और डीजीपी को ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कार्यवाही नही की है। श्री सिंह ने कहा कि यदि आगामी 15 दिनों में कोई कार्यवाही नही होती है तो वे इस मामले में उच्च न्यायालय के समक्ष याचिका प्रस्तुत करेंगे।
