ठेकेदारों ने एक दिन के लिए रोका काम

भोपाल । भवन निर्माण सामग्री की कीमतें घटाने की मांग को लेकर बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, मप्र ने एक दिन के लिए काम रोक दिया। एसोसिएशन ने भवन निर्माण सामग्री की कीमतें घटाने की मांग भी की। एसोसिएशन के अनुसार सितंबर-20 से जनवरी-21 के बीच इस्पात, सीमेंट, तांबा, पीवीसी व डीजल की कीमतें 20 से 73 फीसद तक बढ़ गई है। ऐसे में भोपाल व आसपास के 200 से अधिक बड़े प्रोजेक्ट्स पर असर पड़ रहा है। केंद्र व राज्य सरकार के सामने बार-बार मांग उठाने के बावजूद कीमतें नहीं घटी हैं। इससे प्रोजेक्ट की लागत बढ़ गई है। इसलिए ठेकेदारों द्वारा काम बंद रखा जाएगा। एसोसिएशन के चेयरमैन संजय शर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते भारत समेत पूरे विश्व में आर्थिक गतिविधियां ठप पड़ गई थीं। लॉकडाउन हटने के बाद अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रधानमंत्री ने निर्माण उद्योगों की गतिविधियों को चालू करने पर पूरा ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया था, लेकिन निर्माण उद्योग में उपयोगी सामग्रियों की कीमतें पिछले छह महीने में बेहिसाब तरीके से बढ़ रही हैं। इससे बिल्डर प्रभावित हो रहे हैं। चेयरमैन शर्मा ने बताया कि प्रोजेक्ट लॉकडाउन से पहले के हैं। इस कारण नुकसान हो रहा है। ऊपर से बैंकों की वसूली, पेनल्टी भी हो रही है। फिलहाल एक दिन काम बंद रखेंगे। फिर भी सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो लंबे समय के लिए काम बंद रखने का निर्णय लेंगे। एसोसिएशन के प्रदीप तोमर, सुरेश वासवानी, आसीन श्रीवास्तव, मुकेश बंसल, प्रवीण गर्ग, एआर मिश्रा, पुनीत चड्डा, रमेश नथानी, राजकुमार जैन आदि ने बताया कि भोपाल समेत आसपास के क्षेत्रों में गैस, मेट्रो, स्मार्ट सिटी समेत 200 से अधिक विकास परियोजनाएं चल रहे हैं। महंगाई के कारण सभी पर असर पड़ा है। दो हजार करोड़ रुपये लागत के प्रोजेक्ट्स प्रभावित हो रहे हैं।
