50 हजार डॉलर का मार्क छूने के करीब बिटक्वाइन

नई दिल्ली । क्रिप्टोकरेंसी बिटक्वाइन 50000 डालर के मार्क को छूने के करीब है। अमेरिकी बैंक बीएनवाय मेलन द्वारा क्रिप्टोकरेंसीज को समर्थन मिलने के बाद बिटक्वाइन की कीमत शुक्रवार को 49000 डालर के करीब के नए रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई। अमेरिकी बैंक ने कहा है कि वह डिजिटल एसेट्स को होल्ड करने, ट्रांसफर करने और जारी करने में क्लाइंट्स की मदद करने के लिए एक नई यूनिट का गठन करेगा। बीएनवाय मेलन में एसेट सर्विसिंग के सीईओ और डिजिटल के हेड रोमन रीगलमैन ने कहा था कि डिजिटल एसेट्स के लिए एक इंटीग्रेटेड सर्विस उपलब्ध कराने को लेकर योजनाओं की घोषणा करने वाला बीएनवाय मेलन पहला बैंक है। इसके अलावा मास्टरकार्ड ने भी ऐलान किया है कि वह इस साल के आखिर से मर्चेंट्स को मास्टरकार्ड प्लेटफॉर्म पर चुनिंदा क्रिप्टोकरेंसी स्वीकार करने की इजाजत देगी। इसके बाद गुरुवार को बिटक्वाइन की कीमत 7 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 47913 डालर दर्ज की गई। शुक्रवार को बिटक्वाइन ने 48925.53 डालर का स्तर छुआ। बिटक्वाइन में जारी तेजी के रुख को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि यह क्रिप्टोकरेंसी जल्द ही 50000 डालर की कीमत पर पहुंच जाएगी। 2021 में बिटक्वाइन की कीमत अभी तक 60 फीसदी बढ़ चुकी है। वहीं डालर में एशिया क्षेत्र में शुक्रवार को भी गिरावट का रुख रहा।
