किसान महापंचायत: पूंजीपति मित्रों को मोदी ने सौंप दिया पूरा देष-प्रियंका गांधी

बिजनौर । कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने कृषि कानूनों को लेकर एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्र में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि तीनों कानून किसान के लिए नहीं बनाए गए हैं, ये इनके पूंजीपति मित्रों के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ये देश अंधा नहीं है, देख रहा है कि सात सालों से देश में क्या हो रहा है। इनके पूंजीपति मित्रों को पूरा देश सौंप दिया गया है। 
सोमवार को जिले में आयोजित किसान महापंचायत को सम्बोधित करने पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने सम्बोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि भाषण देने नहीं, आप लोगों से बातचीत करने आई हूं। उन्होंने कहा कि आपके हमारे बीच में भरोसे का रिश्ता है। इसी भरोसे के बल पर हम आगे बढ़ते हैं। आज के प्रधानमंत्री को जिताने के पीछे कोई भरोसा हुआ होगा तभी उनको जिताया होगा। चुनाव में कई वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। आमदनी दोगनी करने की बातें कहीं गईं लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया गया। गन्ना किसान बकाया को लेकर परेशान है। 16 हजार करोड़ के दो हवाई जहाज प्रधानमंत्री के लिए खरीदे गए लेकिन किसानों का 15 हजार करोड़ बकाया नहीं दिया गया। तमाम योजनाओं के लिए पैसे हैं लेकिन किसान के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि ये तीनों कानून किसान के लिए नहीं बनाए गए हैं, ये इनके पूंजीपति मित्रों के लिए बनाए गए हैं। प्रियंका गांधी ने एक-एक कर तीनों कृषि कानूनों से किसानों को होने वाले नुकसान और पूंजिपतियों को होने वाले फायदे के बारे में विस्तार से बताया। 
उन्होंने कहा कि जब किसान ही कानून नहीं चाहता तो फिर क्यों इसे वापस नहीं लिया जा रहा है। जमाखोरी पर जवाहरलाल नेहरु ने कानून बनाया लेकिन अब फिर जमाखोरी होने लगी है। प्रियंका ने कहा कि पहले कानून से जमाखोरी बढ़ेगी। दूसरे कानून से बड़े-बड़े उद्योगपतियों की जेबें भरेंगी। सरकारी मंडियां बंद होंगी। प्राइवेट मंडियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे आपका समर्थन मूल्य समाप्त हो जाएगा। तीसरे कानून से कांट्रैक्ट के तहत किसानों की फसल को वो खरीदेंगे। इसमें खास बात है कि आगे चलकर कांट्रैक्ट करने वाले आपका गन्ना नहीं लेंगे। जिसके बाद किसान वेबस हो जाएगा। यह तीनों कानून पूंजीपतियों के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अमेरिका-चीन जाते हैं। विदेशों का दौरा करते हैं लेकिन अपने घर से दो से तीन किलोमीटर पर जाकर किसानों से बात नहीं कर पा रहे हैं। संसद में खड़े होकर किसानों का मजाक उड़ा रहे हैं। किसान का बेटा ही जवान बनकर सीमा पर तैनात है। उसी का बेटा पीएम की सुरक्षा में तैनात है। प्रियंका ने कहा कि किसान 80 दिन से शांतिपूर्वक धरना दे रहे हैं और आपके मंत्री उन्हें देशद्रोही कह रहे हैं। किसानों की मौत का भी मजाक उड़ाया जा रहा है। शहादत बहुत बड़ी चीज होती है। शहादत देने वाले का परिवार भी शहीद होता है। किसी शहीद पर उंगली उठाने का किसी को हक नहीं है। 
प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों ने ही आपको सत्ता दी है, उनका आदर कीजिये। जब कोई नेता अहंकार में आ जाता है तो देशवासी उसे सबक सिखाते हैं। जब देशवासी उसे सबक सिखाते हैं तो वह शर्मिंदा होता है। तब उसे पता चलता है कि उसका धर्म क्या था? उन्होंने कहा कि सात साल में केवल आपने लोगों की कमर तोड़ने का काम किया है। केवल अपने अरबपति मित्रों की मदद की है। प्रियंका ने किसानों से कहा कि आप लोगों पर हमें पूरा भरोसा है। आप इस अहंकारी सरकार के खिलाफ लड़ेंगे। आपके साथ पूरी कांग्रेस है। आपकी लड़ाई में हम आपके साथ हैं, मेरे भाई राहुल गांधी आपके साथ हैं। राहुल गांधी ने आपकी बातें संसद में रखी। शहीद हुए किसानों के लिए मौन रखा तो इनके लोगों ने उसका भी आदर नहीं किया। मैं आपका साथ नहीं छोड़ूंगी, जब जब आप संकट में होंगे आपके साथ हम आएंगे।

Leave a Reply