बच्चियों की मौत के मामले में एक्शन, 4 युवकों को उठाकर पुलिस कर रही पूछताछ

नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की घटना ने एक बार फिर से सबको शर्मसार कर दिया है। जिले के असोहा थाना क्षेत्र के बबुरहा गांव में बुधवार रात तीन नाबालिग दलित लड़कियां खेत में दुपट्टे से बंधी पड़ी मिलीं। इनमें दो लड़कियों की मौत हो चुकी थी जबकि तीसरी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। इस घटना के बाद सकते में आई पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल को कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को नजर बंद कर दिया है और किसी को भी बात करने की अनुमति नहीं है। पुलिस ने प्रथम दृष्ट्या में जहरीला पदार्थ खाने से हालत बिगड़ने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए हैं और मामले की गहराई से जांच में जुट गई है। उधर, इस मामले को लेकर विपक्ष लगातार प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साध रहा है।
संदिग्ध हालातों में दो किशोरियों की मौत के बाद सकते में आई पुलिस प्रशासन ने देर रात तक असोहा के बाबूरहा गांव में डटी रही। बगल के गांव से 4 लड़कों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने ट्विट किया- यूपी के उन्नाव की घटना बहुत भयावह है। दो दलित बच्चियों की लाश मिली है। एक ज़ख़्मी है। बच्ची को तत्काल एयर एंबुलेंस से AIIMS, दिल्ली लाया जाए। हम अब किसी भी क़ीमत पर सरकार को हाथरस नही दोहराने देंगे। हमारी टीम मौक़े पर जा रही है। बहनों की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं!
आप नेता संजय सिंह ने ट्विट करते हुए कहा कि अत्यंत भयावह आदित्यनाथ जी का राज बेटियों के लिये क़ब्रगाह बन गया है, उन्नाव की घटना दिल दहला देने वाली है आखिर कब रुकेगी ये दरिंदगी?
पुलिस इस मामले में किसी भी तरह का जोखिम मोल नहीं लेना चाहती है। जांच के लिए पुलिस की छह टीमों का गठन किया गया है। बता दें कि इस घटना के बाद देर रात लखनऊ आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह उन्नाव के असोहा थाने पहुंच गई थी।
