बीएचयू हॉस्टल के कमरे में मिला देशी कट्टा, छात्रों ने किया हंगामा

वाराणसी । काशी हिंदू विश्वविद्यालय के बिरला (सी) हॉस्टल में एक छात्र के कमरे से देशी कट्टा बरामद किया गया है। इसके बाद एक बार फिर बीएचयू में छात्रों के बीच वर्चस्व की लड़ाई शुरु हो गई है। जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी को छात्र के दो गुटों के बीच लड़ाई हुई थी। इस दौरान बिरला हॉस्टल में कुछ छात्रों ने मुकेश पांडेय नाम के छात्र के ऊपर फायर कर दिया। फायरिंग में छात्र बच गया लेकिन इस मामले में छात्रों ने जमकर हंगामा किया। फिलहाल पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर 4 छात्रों की गिरफ्तारी भी की। बताया जा रहा है कि बुधवार को बीएचयू प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम हॉस्टल में मुकदमे में शामिल छात्रों के कमरे खाली करवाने पहुंचीं। आरोपी छात्र के बैग से रूम खाली करवाते वक्त ही कट्टा मिला, जिसके बाद से विश्वविद्यालय में हड़कंप मच हुआ है। हालांकि, उन छात्रों से हॉस्टल खाली करवा लिया गया है, लेकिन कट्टा मिलने के बाद अब और कड़ी कार्रवाई हो सकती है। वहीं, देशी कट्टा मिलने पर छात्रों ने बीएचयू के सिंह द्वार को बंद कर दिया और नारेबाजी करने लगे। छात्रों का आरोप है कि आरोपी छात्र के साथ विश्वद्यालय प्रशासन पक्षपात कर रहा है। हथियार बरामद होने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई और वह अब भी हॉस्टल में है।
