पहचान बढ़ाकर स्कूल छोड़ने के बहाने डीजे आपरेटर ने छात्रा से किया रेप

भोपाल। राजधानी के कटारा हिल्स इलाके में परिचित युवक द्वारा स्कूली छात्रा से जान पहचान बढ़ाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है । बताया गया है मोहल्ले में स्थित मंदिर में डीजे लगाने आने वाले युवक से स्कूली छात्रा का दो महीने पहले परिचय हो गया। दो दिन पहले वह रास्ते में मिला तथा स्कूल छोडऩे का बहाना कर छात्रा को बाइक पर बैठा लिया। आरोपी युवक छात्रा को लेकर दोस्त के घर पहुंचा तथा वहां पर उसके साथ बलात्कार किया। बाद में परिजनों के साथ थाने पहुंची पीड़िता की शिकायत मिलने पर पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कटारा हिल्स पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बारहवीं कक्षा की छात्रा शाहपुरा इलाके में रहती है। उसके घर के पास एक मंदिर है। इस मंदिर में डीजे लगाने के लिए पवन साहू नाम का युवक आता था। उसके मंदिर में अक्सर ही आने के कारण छात्रा की पहचान उससे हो गई थी। दोनों के बीच बातचीत भी होने लगी थी। दो दिन पहले छात्रा स्कूल जा रही थी इसी दौरान रास्ते में आरोपी पवन उसे मिल गया और उसने छात्रा को अपनी बाइक पर स्कूल छोड़ने की बात कही। पवन पर भरोसा करते हुए छात्रा उसकी बाइक पर बैठ गई। स्कूल ले जाने के बजाए पवन उसे कटारा हिल्स इलाके में रहने वाले अपने दोस्त के घर ले गया। यहां पर उसने जबरदस्ती करते हुए छात्रा को अपनी हवस का शिकार बना लिया। इसके बाद आरोपी ने घटना के बारे में किसी को कुछ भी बताने पर छात्रा को बदनाम करने की धमकी दे दी। एक दिन तो छात्रा चुप रही लेकिन अगले दिन उसने अपने भाई को पूरी बात बता दी। भाई उसे लेकर बागसेवनिया थाने पहुंचा और मामले की शिकायत की। चूंकि छात्रा के साथ कटारा हिल्स थानाक्षेत्र में ज्यादती हुई थी इसलिए इस प्रकरण को कटारा हिल्स थाने भेज दिया गया। शिकायत मिलते ही कटारा हिल्स थाने में पवन साहू के खिलाफ बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर लिया आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
