वाराणसी में धोती-कुर्ता में क्रिकेट खेलते नजर आए खिलाड़ी, अंपायर और संस्कृत में कमेंटरी

वाराणसी । वाराणसी के धर्मनगरी काशी में अनूठा अंदाज में क्रिकेट खेला गया। क्रिकेट मैदान में स्पोर्ट्स ड्रेस की बजाय खिलाड़ी धोती-कुर्ता में दिख रहे थे और मैच की अंपायरिंग से लेकर कमेंटरी तक हिंदी या अंग्रेजी में नहीं बल्कि संस्कृत में हुई। यह कार्यक्रम वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविदयालय में आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय में धर्म की पढ़ाई करने वाले बटुक ने क्रिकेट खेला है। क्रिकेट के मैदान में सभी बटुक धोती और कुर्ता पहनकर उतरे हैं। इस दौरान नजारा दिलचस्प रहा। कोई धोती संभालते हुए गेंद फेंक रहा था तो कोई धोती थामे चौके-छक्के लगाने की जद्दोजहद कर रहा था। इसके अलावा मैच की कमेंट्री भी पूरी रफ्तार के साथ संस्कृत भाषा में। यही नहीं अंपायर भी भगवा धोती, दुपट्टा व रुद्राक्ष की माला धारण किए हुए दिखे। दशाश्वमेध स्थित श्री शास्त्रार्थ महाविद्यालय के 77वें स्थापनोत्सव पर आयोजित इस अद्भुत और अनूठे किक्रेट मुकाबले को देखने को दूर-दूर से दर्शक पहुंचे। सभी बटुक अपने पारंपरिक गणवेश धोती और कुर्ता में टीका-त्रिपुण्ड लगाकर मैदान में उतरे। मुख्य कमेंटेटर शास्त्रार्थ महाविद्यालय के वयोवृद्ध वरिष्ठ आचार्य डॉ. शेषनारायण मिश्र धाराप्रवाह संस्कृत में कमेंट्री कर रहे थे। इस मैच में अंपायरिंग करने वाले पूर्व खिलाड़ी धीरज मिश्र और अनुज तिवारी भी भगवा धोती, दुपट्टा व रुद्राक्ष की माला धारण किए संस्कृत भाषा में फैसले कर रहे थे।
