लव जिहाद के खिलाफ अब खट्टर सरकार ला रही है विधेयक, ड्राफ्ट तैयार

चंडीगढ़. उत्तर प्रदेश के बाद अब हरियाणा की खट्टर सरकार भी लव जिहाद के खिलाफ विधेयक ला रही है. बजट सत्र में लव जिहाद से जुड़ा विधेयक लाया जा सकता है. जानकारी के मुताबिक, विधेयक का ड्राफ्ट भी तैयार कर लिया गया है. अब इसे अध्ययन के लिए उच्चस्तरीय कमेटी की बैठक में रखा जाएगा. कानूनविदों से राय-मशविरा के बाद स्वीकृति के लिए इस ड्राफ्ट को प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज (Anil Vij) और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के समक्ष पेश किया जाएगा. गृह मंत्री ने बताया कि विधानसभा के 5 मार्च से आरंभ हो रहे बजट सत्र में सदन में पेश किया जाएगा.
अनिल विज के मुताबिक, कानून का प्रारूप तैयार करने के लिए बनाई गई एक्सपर्ट कमेटी ने तमाम सुझावों और अन्य राज्यों के लव जिहाद कानून का अध्ययन करने के बाद हरियाणा के लिए इसका प्रारूप तैयार किया है. अनिल विज ने बताया कि विधानसभा का बजट सत्र 5 मार्च से शुरू होने वाला है और सत्र में इस विधेयक को पारित कराने की हरियाणा सरकार की पूरी तैयारी है. बता दें कि यूपी विधानसभा ने भी लव जिहाद पर लाए गए विधेयक को पारित कर दिया है. इस विधेयक के अनुसार लव जिहाद मामले में 10 साल तक की सजा का प्रावधान है.
निकिता हत्याकांड के बाद कानून बनाने का किया था ऐलान
बता दें कि फरीदाबाद में हुए बहुचर्चित निकिता हत्याकांड के बाद हरियाणा सरकार ने यह कानून बनाने का ऐलान किया था. हालांकि, विश्व हिंदू परिषद के नेताओं द्वारा प्रदेश सरकार से लंबे समय से मतांतरण विरोधी कानून बनाने की मांग की जा रही थी. विहिप के राष्ट्रीय नेता डा. सुरेंद्र जैन के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इस बारे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात भी कर चुका है.
