लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चलाई गोली, पांच लाख लूटकर हुए फरार

आरा । आरा-छपरा फोरलेन पर हथियारबंद अपराधियों ने लूट का विरोध करने पर सीमेंट व्यवसाई के एक स्टाफ को गोली मार दी। इस घटना में व्यवसाई का स्टाफ घायल हो गया। वहीं, बेखौफ बदमाशा पांच लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। सूचनके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही घायल को आनन-फानन में इलाज के लिए कोईलवर पीएचसी से आरा के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, जख्मी युवक चांदी थाना क्षेत्र के नरही गांव निवासी चंद्रहंस राय का 45 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार पूर्व गुड्डू यादव है, जो नवादा थाना क्षेत्र के जीरो माइल स्थित राज सीमेंट व्यवसाई प्रेम पंकज उर्फ ललन के स्टाफ बताए जा रहे हैं। परिजनों ने बताया कि जख्मी युवक को गोली बाएं साइड की पेट में लगी है और अंदर फंस गई है। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस बारे में सूरज कुमार उर्फ गुड्डू यादव ने बताया कि गुरुवार दोपहर वह कोईलवर थाना क्षेत्र के बबुरा बाजार से कलेक्शन करके वापस बाइक से आरा लौट रहा था। इसी बीच हरिपुर चंदा पेट्रोल पंप के समीप एक बाइक पर सवार दो हथियारबंद अपराधी पीछा करते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान उसे बाएं साइड पेट में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद हथियारबंद अपराधी उसके पास रखे करीब पांच लाख रुपये लूटकर हथियार लहराते हुए भाग निकले। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी। घायल को ईलाज के लिए आरा के बाबू बाजार स्थित डॉक्टर विकास सिंह के क्लिनिक में भर्ती कराया गया जहां ऑपरेशन कर के सूरज की जान डॉक्टर विकास की टीम ने बचाई।
