राज्य में पालिका-पंचायतों की 5481 सीटों पर वोटिंग आज, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
अहमदाबाद | पहले चरण में गुजरात के 6 निगम चुनावों के बाद अब दूसरे चरण में कल पालिका-पंचायतों के लिए वोटिंग होगी| 31 जिला पंचायत, 231 तहसील पंचायत और 81 नगर पालिका चुनाव में 28 मार्च को मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे| राज्य चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण माहौल मतदान संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं| नगर जिला व तहसील पंचायत और नगर पालिका की 5481 सीटों पर भाजपा और कांग्रेस समेत विभिन्न दलों के कुल 22170 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य पर रविवार को मतदाता मुहर लगाएंगे| पालिका-पंचायत चुनाव के साथ कई सीटों पर उपचुनाव भी कल है| इसके लिए राज्य में 23932 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं| शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न कराने के लिए राज्य पुलिस की ओर से सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं| राज्य के पुलिस महानिदेशक आशीष भाटिया के मुताबिक शांतिपूर्ण मतदान पूर्ण कराने के लिए गुजरात से सटी राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और केन्द्र शासित प्रदेश दमण व दादरा नगर हवेली सीमा पर 97 जितनी अंतरराज्यीय चेकपोस्ट बनाई गई हैं, जहां लगातार वाहनों की जांच की जा रही है| राज्य में 128683 लोगों को हिरासत में लिया गया है और 33902 लाइसंसी हथियार जमा किए गए हैं| चुनाव के दौरान 23932 जितने मतदान केन्द्रों पर पुलिस के साथ एसआरपी की 64 कंपनियां और पेरा मिलेट्री की 12 कंपनियां तैनात की गई हैं| इसके अलावा 54500 जितने होमगार्ड्स और जीआरडी जवानों को भी तैनात किया गया है| मतदान के दिन पुलिस लगातार गश्त करेगी और 2411 जितनी सेक्टर पुलिस मोबाइल और 409 क्वीक रिस्पोन्स टीम कार्यरत रहेगी| राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिस को स्टैन्ड टू का आदेश दिया गया है|