जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंजी स्कॉट ने सांइस टीचर से की शादी

वॉशिंगटन । दुनिया के सबसे अमीर शख्स जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंजी स्कॉट ने साइंस के एक टीचर से दूसरी शादी की है, जिन्होंने अपनी ज्यादातर दौलत को दान करने की बात कही है। निजी स्कूल में टीचर डान जेवेट ने चैरिटी की एक वेबसाइट पर शादी के संकेत दिए हैं।वेबसाइट पर मैकेंजी स्कॉट की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए डान जेवेट ने लिखा है, 'एक शानदार संयोग के चलते मैंने दुनिया की सबसे दयालु महिला से शादी कर ली है और उनके कमिटमेंट को जॉइन किया है कि अपनी संपत्ति को दूसरों की सेवा में लगाया जाए।'
जेवेट ने कहा कि मैंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा एक टीचर के तौर पर गुजारा है और कभी इतनी दौलत इकट्ठा नहीं की, जिसके लिए यह कहा जा सके कि मुझे चैरिटी करनी है। ब्लूमबर्ग बिलिनियर्स इंडेक्स के मुताबिक मैकेंजी स्कॉट दुनिया की 22वीं सबसे अमीर शख्सियत हैं और उनकी कुल दौलत 53.5 अरब डॉलर है। इस दौलत में बड़ा हिस्सा जेफ बेजोस से तलाक लेने के बाद मिली रकम का है। जेफ बेजोस से 2019 में तलाक लेने के बाद से वह दुनिया की सबसे ज्यादा चैरिटी करने वाली महिलाओं में से एक हैं। बीते साल मैकेंजी स्कॉट ने 6 अरब डॉलर की बड़ी रकम डोनेट की थी।
एक साल के अंदर किसी भी शख्स की ओर से किया गया यह सबसे बड़ा डोनेशन था। मैकेंजी स्कॉट की ओर से की जाने वाली डोनेशन का बड़ा हिस्सा उन संस्थानों को जाता है, जहां अश्वेत छात्र पढ़ते हैं। पिछले साल मैकेंजी स्कॉट ने बताया था कि उन्होंने अपनी टीम से कहा है कि वह यह बताए कि आखिर वह कैसे ज्यादा से ज्यादा दान तेजी से कर सकती हैं।मीडिया में मैकेंजी की शादी को लेकर खबर दी गई थी। इसके बाद अमेजॉन के प्रवक्ता के जरिए जारी बयान में बेजोस ने कहा, 'डान एक अच्छे व्यक्ति हैं। मैं उन दोनों के लिए बेहद खुश हूं।' अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस 176.6 अरब डॉलर की दौलत के साथ दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं।
