आज प्रधानमंत्री साबरमती में महोत्सव की करेंगे शुरुआत

मप्र के हर जिले में होगा आजादी का अमृत महोत्सव
75 साल के जश्न में होंगे 75 सप्ताह तक कार्यक्रम
कार्यक्रम के लिए राज्य सरकार भी देगी पैसा
भोपाल । आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार ने आजादी अमृत महोत्सव मनाने का एलान किया है। युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम, देश के विकास व विश्वगुरू भारत का सपना बताने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव मप्र में भी मनाया जाएगा, जो 75 सप्ताह तक चलेगा। शुक्रवार को गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दांडी मार्च को झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही यह पूरे देश के साथ मप्र में भी शुरू हो जाएगा। केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल ने बताया कि आजादी 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मप्र के हर जिले में कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला राज्य सरकार ने किया है। कार्यक्रम के लिए राज्य सरकार पैसा भी देगी। प्रह्लाद पटेल ने बताया कि इस महोत्सव के जरिए देशभक्ति का संदेश, भारतीय संस्कृति की झलक दिखाने की कोशिश है।
जन प्रतिनिधि आयोजन में हिस्सा लेंगे
केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने बताया कि सांसद और जन प्रतिनिधि इस आयोजन में हिस्सा लेंगे। राज्य के सांसदों के कार्यक्रमों की सूचना शिवराज सिंह सरकार को भेज दी है। साथ ही पार्टी को भी इसके बारे में जानकारी दी गई है। इसमें राज्य के कांग्रेस के सांसदों से भी चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सभी 52 जिलों में कार्यक्रम करने का फैसला किया है। अमृत महोत्सव के तहत होने वाले कार्यक्रमों में सांसद शामिल होंगे और राज्य सरकार के जिम्मे यह कार्यक्रम होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में 75 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 400 से ज्यादा स्थानीय निकायो में राज्य सरकार कार्यक्रम के लिए पैसा भी देगी।
75 सप्ताह तक होगा आयोजन
मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह सरकार भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ 15 अगस्त 2022 के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाएगी। इसकी शुरुआत 12 मार्च 2021 से होगी। लगातार 75 सप्ताह तक मध्यप्रदेश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम का शुक्रवार को सुबह 10 बजे शौर्य स्मारक भोपाल में शुभारंभ करेंगे।
