जेल में बंद आजम खान पर 11 मामलों में चार्जशीट दायर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के रामपुर से सांसद आजम खान के खिलाफ रामपुर पुलिस ने 11 मामलों में न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह सभी मामले थाना गंज क्षेत्र के डूंगरपुर से जुड़े हैं जहां पूर्व की सपा सरकार में आसारा कालोनी बनवाने के लिए वहां बने घरों को तोड़ा गया था तथा वहां के लोगों से मारपीट और लूटपाट भी की गई थी। पुलिस ने इस मामले में 11 मुक़दमे दर्ज किए जिसमें पहले आजम खान का नाम नही था, लेकिन जब विवेचना की गई तो जांच में उनका नाम भी सामने आया। इसके बाद पुलिस ने अब इन मुकदमों में आजम खान का नाम शामिल किया है। इस मामले में एडिशनल एसपी संसार सिंह ने बताया कि थाना गंज में आसरा कॉलोनी डूंगरपुर की जमीन को कब्जाने के संबंध में 11 अभियोगों में मोहम्मद आजम खान द्वारा षडयंत्र रच डकैती, छेड़छाड़, धमकाना, मारपीट, गाली गलौच, तोड़फोड़ और बलबा कराए जाने के संबंध में साक्ष्य एवम सत्यता के अधार पर माननीय न्यायालय में आजम खान के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है।
पुलिस ने आजम खान के खिलाफ डूंगरपुर प्रकरण से जुड़े 11 मुकदमों में आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल कर दिया है। पुलिस ने डूंगरपुर प्रकरण में साजिशकर्ता मानते हुए आजम खान को आईपीसी की धारा 120वीं के तहत आरोपी बनाया है। अखिलेश यादव ने भी मंच से कहा था कि हम लोग यहा साइकिल चला रहे हैं। सुनने में आया है कि सरकार के दबाव में प्रशासन के लोग मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रहे है। हम साइकिल चला रहे और प्रशासन मुकदमे की तैयारी कर रहा है। बीते वर्ष जुलाई माह में डूंगरपुर प्रकरण में आजम खान के करीबियों के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हुए थे। इसके बाद पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया उनसे पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों ने बयान दिए हैं कि उन्होंने आजम खान के इशारे पर इन अपराधों को अंजाम दिया है। घरों में तोड़फोड़ और लूटपाट भी उनके कहने पर ही की। इसी आधार पर पुलिस ने आजम खान को भी इन 11 मुकदमों में आरोपी बनाया है। पुलिस ने उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 120वी के तहत कार्रवाई की है।
