माशिमं का यू-टर्न

अपलोड प्रश्न बैंक से नहीं, पिछले साल की तर्ज पर आएंगे 10वीं-12वीं के पेपर
भोपाल । माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा को मजाक बना दिया है। जिस प्रश्न बैंक को वेबसाइट पर अपलोड करके विभाग के अफसरों ने उसे छात्र हित में बताया था। कहा था कि इसी से छात्रों को पढ़ाई करना होगी। उसमें से ही मुख्य परीक्षा में प्रश्न आएंगे, लेकिन अब अधिकारी कह रहे कि पिछले साल की तर्ज पर पेपर आएंगे। इससे छात्रों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। अब उन्हें फिर से तैयारी करना होगी।
10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर शिक्षकों ने माध्यमिक शिक्षा मंडल के प्रश्न बैंक से ही छात्रों को तैयारी कराई। शिक्षक भी इस पसोपेश में हैं कि इतनी जल्दी छात्रों को नये सिरे से कैसे तैयारी कराएं। शैक्षणिक विश्लेषक रमाकांत पांडे के मुताबिक मंडल के अफसरों को इस बारे में विचार करना चाहिए कि इस बार पहले से ही कोविड के कारण छात्र पढ़ाई सही तरीके से नहीं कर पाए। ऐसे में छात्रों को राहत दी जानी चाहिए, जब वे प्रश्न बैंक से तैयारी कर चुके हैं तो उसी में से प्रश्न आने चाहिए।
प्रश्न बैंक बार-बार किया जा रहा अपडेट
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 500 प्रश्नों का जो बैंक अपलोड किया था, उसमें से भले ही मुख्य परीक्षा में प्रश्न आने से इनकार किया जा रहा है, लेकिन उसी प्रश्न बैंक को बार-बार अपडेट किया जा रहा है।
माशिमं सचिव बोले- पुराना आदेश रद्द किया
माशिमं के सचिव उमेश सिंह का कहना है कि पूर्व में जारी किए गए प्रश्न बैंक वाले आदेश को रद्द कर दिया है। पिछले साल की तर्ज पर ही छात्रों के पेपर आएंगे। छात्रों को अब उसके हिसाब से ही तैयारी करना होगी।
