आजम देश के इकलौते नेता जिन पर दर्ज कराए गए इतने मुकदमे : अखिलेश

रामपुर । उत्तर प्रदेश के रामपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी बचाने के लिए साइकिल यात्रा का शुभारंभ किया। यह यात्रा रोज कई जिलों से होते हुए लखनऊ में समाप्त होगी। जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के विरुद्ध राजनीतिक विद्वेष की वजह से अनेक मामले दर्ज कराए गए हैं। अखिलेश ने कहा कि आजम खान शायद देश के अकेले नेता होंगे, जिनके ऊपर इतने केस दर्ज कराए गए हैं। यह स्थिति ज्यादा दिन नहीं रहेगी। पहिया घूमेगा और स्थिति बदल जाएगी।
उन्होंने कहा आज का दिन ऐतिहासिक है और इसलिए बोल रहा हूं, हमारे समाजवादी साथी जो लाल टोपी पहन कर आए हैं, वे जानते हैं कि जब-जब साइकिल चली है, उत्तर प्रदेश में बदलाव हुआ है। यूपी में बदलाव लाने का काम काम साइकिल ने किया है। अखिलेश ने कहा कि मुझे याद है 2011 में जब समाजवादी पार्टी के लोगों को और हमें साइकिल चलानी पड़ी थी। उसका परिणाम यह हुआ कि तत्कालीन राज्य सरकार का सफाया हो गया। यह कहीं न कहीं हमारे ऊपर भगवान की कृपा है, समाजवादियों पर आशीर्वाद है। साइकिल पर हमें पूरा भरोसा है। उत्तर प्रदेश का और इस देश का मौसम बदलेगा और यह सरकार रहने वाली नहीं है।
सांसद आजम खान का नाम बिना लिए उन्होंने कहा एक, दो मुकदमे लगे हों तो बात की जाए उनकी। एक-आध धारा लगी हो तो उसकी बात हो। आजम खान पर ही नहीं, उनके साथ जितने लोग हैं, उन सभी पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। ये सभी मुकदमे झूठे हैं। उनके खिलाफ ऐसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जिसकी हम और आप लोकतंत्र में कल्पना नहीं कर सकते। अखिलेश ने कहा आजम खान शायद देश के इकलौते नेता होंगे, जिन पर इतने मुकदमे लगाए गए हैं। मुकदमे इसलिए लगे, उन्हें इसलिए झूठा फंसाया गया, क्योंकि उन्होंने ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने एक शानदार विश्वविद्यालय बनाया है। अखिलेश ने कहा कि हमें भरोसा है कि स्थिति बदलेगी। उन्होंने कहा हम जानते हैं, न्यायपालिका से हमे न्याय मिलेगा। आने वाले समय में न्यायपालिका हमारी बात सुनेगी और आजम खान को भी न्याय मिलेगा। लड़ाई चलती रहेगी, लेकिन पहिया घूम जाएगा।
