मत्स्य मंत्रालय के गठन के कांग्रेस के वादे पर शिवराज का तंज- राहुल भैया की ट्यूबलाइट देरी से जली

गुवाहाटी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहन आज विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए असम पहुंचे थे। असम के नहरकटिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'राहुल गांधी, मोदी जी से मत्स्य मंत्रालय ने मांग किया, जो कि पहले ही बन चुका है।' शिवराज सिंह यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, 'राहुल भैया, आपकी ट्यूबलाइट देरी से जली।' शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस महात्मा गांधी के बजाए जिन्ना के पदचिह्नों पर चल रही है और वह देश को तबाह कर देगी। भाजपा नेता ने असम में डिब्रूगढ़ जिले के नहरकटिया में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस आजादी के बाद से पूर्वोत्तर राज्यों में विकास कार्य करने में असफल रही है। चौहान ने विपक्षी दल कांग्रेस के असम में एआईयूडीएफ, पश्चिम बंगाल में आईएसएफ और केरल में आईयूएमएल के साथ गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा, ''कांग्रेस महात्मा गांधी के पदचिह्नों पर नहीं चल रही। कांग्रेस और राहुल जिन्ना के नक्शे कदम पर चल रहे हैं और जिन्ना के कदम असम और भारत को तबाह कर देंगे।

 

''नागराज और सांपराज गठबंधन करेंगे, तो असम का विकास नहीं होगा''
उन्होंने कहा, ''कांग्रेस ने बदरुद्दीन अजमल के साथ गठबंधन किया, जिन्होंने असम में घुसपैठ को बढ़ाया… उनका इत्र का कारोबार है, लेकिन वह समाज में जहर फैला रहे हैं।… यदि नागराज और सांपराज गठबंधन करेंगे, तो असम का विकास नहीं हो सकेगा।'' चौहान ने कहा कि कांग्रेस को एआईयूडीएफ के साथ हाथ मिलाने में शर्म आनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने भी उस पार्टी के साथ हाथ नहीं मिलाया था।उन्होंने कहा, ''कांग्रेस ने केरल में मुस्लिम लीग और पश्चिम बंगाल में आईएसएफ के साथ गठबंधन किया है। कांग्रेस फूट डालो और राज करो की राजनीति कर रही है।'' भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत को उत्तर और दक्षिण में विभाजित कर रहे हैं और वह असम में भी विभिन्न जनजातियों और समुदायों के बीच मतभेद पैदा करके इसी प्रकार की राजनीति कर रहे हैं।

कांग्रेस ने 55 साल में असम को क्या दिया: शिवराज
चौहान ने कहा, ''कांग्रेस ने 55 साल असम में शासन संभाला, लेकिन उसने क्या दिया? असम को लचित बोरफुकन (अहोम योद्धा) की बहादुरी के कारण मुगल भी नहीं हरा सके, लेकिन (पूर्व प्रधानमंत्रियों) इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने राज्य को केवल घुसपैठ, हिंसा, आतंकवाद, विरोध प्रदर्शन, भूख और बेरोजगारी दी।'' उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने वोट बैंक के लिए हमेशा अवैध प्रवासियों का इस्तेमाल किया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राज्य में घुसपैठ को रोकने की पहल की।

'राहुल गांधी के नेतृत्व में इतिहास बन जाएगी कांग्रेस'
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस इतिहास बन जाएगी। चौहान ने तंज कसते हुए कहा, ''कांग्रेस को केवल नाटक करना आता है। राहुल ने केरल में समुद्र में तैराकी की और प्रियंका ने असम में चाय की पत्तियां तोड़ीं। उन्हें इतना भी नहीं पता कि यह इसका मौसम नहीं है। क्या वहां फिल्म की शूटिंग चल रही थी?''चौहान ने मत्स्य मंत्रालय के गठन के वादे को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे पहले ही गठित किया जा चुका है। उन्होंने कहा, ''उनकी (राहुल) ट्यूबलाइट थोड़ी देर से जली। जो पार्टी इतनी दिशाहीन है, वह असम के विकास के लिए कैसे काम करेगी?''आपको बता दें कि इस चुनावी रैली में मुख्यमंत्री सोनोवाल भी मौजूद थे। नहरकटिया में 27 मार्च को विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा। चौहान यहां भाजपा उम्मीदवार तरंगा गोगोई के लिए प्रचार कर रहे थे।
 

Leave a Reply