बच्चों से ट्राली में भरवाई जा रही थीं ईंटें, दीवार गिरने से 5 बच्चे दबे, 1 की मौत

पानीपत। हरियाणा के पानीपत के अहर से ज्वाहरा रोड पर स्थित कंसल भट्टे पर ईंट उठाते समय दीवार ढह जाने से 5 बच्‍चे दब गए। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई और 4 घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर घटना की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार ने ट्रॉली को ईंटों से भरवाने के लिए वहां खेल रहे बच्चों को बुला लिया। बच्चों को कुछ रुपयों का लालच दिया गया था। जैसे ही बच्चे ईंट उठाने लगे, उसी समय दीवार गिर गई। इस हादसे में 12 वर्ष के बच्चे साहिल की मौत हो गई। 
  बताया गया कि शामली में कैराना के सुंदर नगर का रहने वाले इस्लाम का परिवार यहां कंसल भट्टे पर काम करता है। उनके तीन बच्‍चे घर में खेल रहे थे। उन्हीं के साथ 6 वर्षीय सादिक, 9 वर्षीय फातिमा भी थी। इसी दौरान ठेकेदार वहां पहुंचा। बच्चों से बोला कि चलो दीवार से ईंटें उठाकर ट्रॉली में भर दो। इसके बदले में कुछ रुपये और टॉफी मिलेंगे। बच्चे इस लालच में दीवार के पास पहुंच गए। कुछ ईंटे उठाकर ट्राली में रखवा दीं, लेकिन अचानक पूरी की पूरी दीवार ढह गई।

Leave a Reply