किसान कर्ज माफी के मुद्दे पर कांग्रेस का विधानसभा से वाकआउट, सरकार पर योजना को बंद करने का लगाया आरोप

भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा में किसानों की कर्ज माफी का मुद्दा उठा है. कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश सरकार की तरफ से सही जानकारी न दिए जाने और कर्ज माफी योजना को बंद करने को लेकर सदन से वाकआउट किया. सभी कांग्रेस विधायकों नेल लॉबी में जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि जिन किसानों की कर्जा माफी नहीं हुई है, सरकार उनका ऋण माफ करे.
किसानों की कर्ज माफी पर विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ. गतिरोध बने रहने पर कांग्रेस विधायक सदन से वाकआउट कर गए. विधानसभा में कांग्रेसी विधायकों द्वारा लगातार इस बात को लेकर सरकार से सवाल किए जा रहे थे कि कमलनाथ सरकार में 15 महीने के दौरान लाखों किसानों का कर्जा माफ किया गया, लेकिन जब बीजेपी सरकार में आई तो उसने इस योजना से किसानों को वंचित रखा और इस योजना को बंद कर दिया. कांग्रेस विधायकों की मांग थी कि इस योजना को आगे भी जारी रहने दिया जाए, ताकि जिन किसानों का कर्जा माफ होना है उनको इसका फायदा मिले.
कृषि मंत्री बोले- मैं पहले किसान
विधानसभा में किसान और कृषि से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के दौरान मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने विपक्षी विधायकों के सवालों का जवाब दिया. मंत्री कमल पटेल ने कहा, 'मैं पहले किसान हूं बाद में विधायक और मंत्री हूं. विधायकों ने जो भी सुझाव दिए और मांग रखी है उनको पूरा करने का काम करूंगा. मध्य प्रदेश किसानों से ही आत्मनिर्भर होगा. छोटे किसानों की मदद कर रहे हैं.' उन्होंने कहा कि किसान कर्ज माफी सिर्फ किसानों के साथ एक धोखा था, जिसे सरकार रहते हुए कांग्रेस ने पूरा नहीं किया अब कांग्रेस सिर्फ झूठ की राजनीति कर रही है.
