जमशेदपुर के बर्मामाइंस इलाके में भीषण अगलगी, 10 से ज्यादा कार और लाखों रुपये के प्लाई जले

जमशेदपुर. झारखंड के जमशेदपुर में भीषण आग (Fire) लग गई. इस आग में कई वाहन और लाखों रुपये के प्लाई जलकर राख हो गये. नुकसान का आकलन करोड़ों में किया गया है. जानकारी के मुताबिक बर्मामाइंस थानाक्षेत्र में स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल गोदाम के पास भीषण आग लग गई. इस आग की चपेट में चार पहिया वाहन का सर्विस सेंटर और प्लाई गोदाम आ गया. देखते ही देखते आग में करोड़ों की संपत्ति जलकर राख हो गई.
आग से इलाकों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही टाटा स्टील और सरकारी दमकल की 10 से 15 गाड़िया मौके पर पहुंची. और आग को बुझाने में जुटी हुई हैं. हालांकि आग को इंडियन ऑयल के पेट्रोल गोदाम तक नहीं पहुंचने दिया गया. अगर आग वहां तक पहुंच जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
लोगों के मुताबिक आग में सर्विस सेंटर में रखी 8 से 10 कारें जलकर राख हो गईं. साथ ही कई उपकरण भी जल गये. पास स्थित प्लाई गोदाम में लाखों रुपये के प्लाई जल गये. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. फिलहाल आग बुझाने का काम जारी है. 10 से 15 दमकल की गाड़ियां मौके पर मशक्कत कर रही हैं. भीषण अगलगी को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
सर्विस सेंटर और प्लाई गोदाम के मालिक के मुताबिक आग से उन्हें करोड़ों का नुकसान हुआ है. आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. फिलहाल किसी तरह से आग बुझाने की कवायद जारी है.
