अहमदाबाद के और चार तालाबों को सौंदर्यीकरण के लिए मनपा को निःशुल्क सौंपने का मुख्यमंत्री का निर्णय

अहमदाबाद | मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने अहमदाबाद शहर में राज्य सरकार के स्वामित्व वाले और चार तालाबों का विकास करने के लिए इन तालाबों को अहमदाबाद महानगर पालिका को निःशुल्क सौंपने का निर्णय किया है। मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद महानगर पालिका (मनपा) को जिन चार तालाबों को शहर सौंदर्यीकरण के लिए निःशुल्क सौंपने का जनहितकारी निर्णय किया है उसमें अहमदाबाद की घाटलोडिया तहसील के चेनपुर के सर्वे नं. 134 की टीपी 66, एफपी 208, 213, 223 और 224 पर मौजूद 14,694 वर्गमीटर क्षेत्रफल का ग्राम तालाब, असारवा के मुठिया गांव के ब्लॉक नं. 01 में स्थित 41,278 वर्गमीटर का तालाब, असारवा के नरोड़ा के सर्वे नं. 493/अ टीपी 1, एफपी 459 में स्थित 1,31,087 वर्गमीटर का ग्राम तालाब और वटवा के विंझोल में सर्वे नं. 363 टीपी 90, एफपी 8 में मौजूद 81,241 वर्गमीटर क्षेत्रफल का तालाब शामिल है।
महानगर पालिका सिटी ब्यूटीफिकेशन के अंतर्गत इन तालाबों को स्थायी रूप से सैर करने तथा पर्यटन एवं पिकनिक के पर्यावरण अनुकूल स्पॉट के रूप में सुंदर बनाने के लिए विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने महानगरों में रीयूज ऑफ ट्रिटेड वाटर यानी उपचारित जल के पुनर्प्रयोग का दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया है, जिसे इन तालाबों में रिसाइकिल्ड वाटर अर्थात उपचारित जल भरकर महानगर पालिका साकार करेगी। यही नहीं, अहमदाबाद महानगर का सीवेज का गंदा पानी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के जरिए शुद्ध कर इन तालाबों में भरने से ये तालाब बारहों महीने लबालब रहेंगे और आसपास के इलाकों का भूमिगत जलस्तर भी ऊंचा उठेगा। इससे इन तालाबों के आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सैर करने और पर्यटन-पिकनिक के पर्यावरण अनुकूल स्पॉट के रूप में एक नया नजराना अपने घर के निकट ही मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व गत वर्ष मार्च महीने में 4 तालाब, जून और जुलाई महीने में 1-1 तालाब और अगस्त महीने में 5 तालाब सहित कुल 11 तालाब अब तक अहमदाबाद महानगर पालिका को सिटी ब्यूटीफिकेशन के लिए निःशुल्क सौंपे हैं। अब और 4 तालाबों को अहमदाबाद मनपा को सौंपने के निर्णय के साथ कुल 15 तालाबों के सौंदर्यीकरण और विकास से अहमदाबाद शहर की खूबसूरती में चार चांद लग जाएंगे। राज्य सरकार ने इससे पूर्व जिन 11 तालाबों को अहमदाबाद मनपा को सौंदर्यीकरण के लिए सौंपा है उसमें वेजलपुर तहसील के सर्वे नं. 783 पर स्थित 32,072 वर्गमीटर क्षेत्रफल का तालाब, वटवा के सर्वे नं. 907 पर मौजूद वांदरवट तालाब, छारोड़ी के सर्वे नं. 251 पर स्थित सरकारी तालाब, गोता में सर्वे नं. 1 पर स्थित ग्राम तालाब, शीलज में ब्लॉक नं. 86 पर मौजूद सरकारी तालाब, घाटलोडिया तहसील के सोला के सर्वे नं. 1 पर स्थित 37,194 वर्गमीटर क्षेत्रफल का ग्राम तालाब, अहमदाबाद की घाटलोड़िया तहसील के आंबली के सर्वे नं. 04 टीपी 52, एफपी 6 पर स्थित 21,265 वर्गमीटर क्षेत्रफल का ग्राम तालाब, ओगणज के सर्वे नं. 08, टीपी 228, एफपी 8 पर मौजूद 55,391 वर्गमीटर का ग्राम तालाब, ओगणज सर्वे नं. 720, टीपी 221, एफपी 15 पर स्थित 22,966 वर्गमीटर का ग्राम तालाब, सोला सर्वे नं. 830 टीपी, 221, एफपी 938 पर स्थित 15,783 वर्गमीटर का ग्राम तालाब और हेबतपुर ब्लॉक नं. 11, टीपी 217, एफपी 11 पर मौजूद 34,702 वर्गमीटर के ग्राम तालाब का समावेश होता है।
