पीएम मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को लेकर ट्वीट कर दी बधाई

अहमदाबाद | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नर्मदा जिले में स्थित दुनिया की सबसे विशाल प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को लेकर बधाई दी है| दरअसल 15 मार्च तक देश-विदेश के 50 लाख से अधिक पर्यटक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दीदार कर चुके हैं| इसे लेकर पीएम मोदी ने ट्वीट कर बधाई दी है| पीएम मोदी ने ट्वीट में कहा कि यह हमारे लिए गौरव का पल है| हम सभी चाहते हैं कि यहां ज्यादा से ज्यादा पर्यटक आएं और इस स्टैच्यू के बारे में पूरी दुनिया जाने| पीएम ने कहा कि कम से कम एक बार इस जगह पर जरूर जाएं और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के बारे में लोगों को भी अवगत कराएं| बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2018 को नर्मदा जिले के केवडिया में बनी दुनिया की सबसे विराट प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का लोकार्पण किया था| 182 मीटर ऊंची प्रतिमा के निर्माण की घोषणा नरेन्द्र मोदी ने उस वक्त की थी जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे| पीएम मोदी की इस ड्रीम प्रोजेक्ट स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास जंगल सफारी पार्क, कैक्टस गार्डन, बटर फ्लाई पार्क, रिवर राफ्टिंग समेत 17 प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है| यहां आनेवाले पर्यटकों की संख्या बढाने के लिए रेल मंत्रालय की ओर से पहल की गई है| रेल मंत्रालय ने विभिन्न स्थानों से केवडिया तक रेल सेवा की शुरुआत की है| साथ ही पर्यटकों के सीधे केवडिया पहुंचने के रास्ते को ओर भी करीब किया है| प्रारंभ से इस प्रोजेक्ट से जुड़े रहे गुजरात के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव गुप्ता के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस जगह को पूरे परिवार के लिए एक आदर्श पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना चाहते थे| पीएम मोदी के मार्गदर्शन में शहर को अपनी और स्थानीय विरासत को संरक्षित करते हुए पूरे परिवार के लिए एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है| राजीव गुप्ता ने बताया कि शहर का मुख्य आकर्षण, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जिसका विचार मोदी ने स्वयं दिया था जो आज अमेरिका के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से ज्यादा पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है|
