गैस लीक होने से 5 युवकों की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख

आगरा । आगरा के फतेहाबाद इलाके में शौचालय का गड्ढा खोदने के दौरान एक ही परिवार के 5 युवकों की मौत हो गई। इस दौरान बगल के टैक से गैस लीक हो गई और पांचों बेहोश हो गए। इसके बाद सभी को गड्ढे से बाहर निकले की कोशिश की गई। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। लोगों की मदद से चार युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई। पूरा मामला थाना फतेहाबाद इलाके के प्रताप पुरा गांव का है। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मदद देने की घोषणा की है। साथ ही हर जरूरी मदद का भरोसा भी दिया है।
यह जानकारी देते हुए एसएसपी बबलू कुमार द्वायर ने बताया कि सीवर टैंक खोदा जा रहा था तभी बगल में दूसरा टैंक लीक हो गया। उसमें जहरीली गैस निकल आई और एक युवक गैस की चपेट में आ गया। पहले युवक को बचाने की कोशिश में एक के बाद एक युवक कूदे और सबकी हालत खराब हो गई। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि चार युवकों की हालत नाजुक होने की वजह से सभी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों ने भी दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि योगेश सीवर टैंक का गड्डा खोद रहा था और उसकी हालत खराब हुई तो पड़ोस में रहने वाले सोनू शर्मा सबसे पहले गड्ढे में योगेश को बचाने के लिए कूदा। बाद में सोनू, आदित्य, हरिमोहन और अनुराग भी कूद पड़े। आदित्य, हरिमोहन और अनुराग तीनों सगे भाई हैं और जिनकी मौत हो गई। इस मामले की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने पांचों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
