गुजरात 8 महानगरों में स्कूल-कॉलेज 10 अप्रैल तक बंद

अहमदाबाद | गुजरात में फिर एक बार कोरोना के केस बढ़ने के बाद राज्य के 8 महानगरों में स्कूल-कॉलेजों को आगामी 10 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है| साथ ही कॉलेज की ऑफलाइन परीक्षाएं भी फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं| अहमदाबाद समेत राज्यभर में कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद अपने बच्चों को लेकर अभिभावक चिंतित थे और शैक्षिक कार्य बंद करने की मांग कर रहे थे| राज्य में कोरोना की स्थिति को देखते हुए आज शिक्षा विभाग के अहम बैठक हुई| मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अध्यक्षता में बैठक हुई| बैठक के बाद शिक्षा मंत्री भूपेन्द्रसिंह चूडास्मा ने कहा कि यूनिवर्सिटी और कॉलेज की कल से अप्रैल तक ऑफलाइन परीक्षा कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है| जबकि गांधीनगर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, भावनगर, राजकोट, जामनगर और जूनागढ़ समेत राज्य के 8 महानगरों में सभी स्कूल-कॉलेज को 10 अप्रैल तक बंद रखने का आदेश दिया गया है| इन 8 शहरों में विद्यार्थियों को स्कूल बुलाकर बढ़ाने के बजाए ऑनलाइन शिक्षा देना होगा| चूडास्मा ने साफ किया 8 महानगर से बाहर स्कूल संचालक चाहें तो स्कूलों में शैक्षिक कार्य जारी रख सकते हैं| उसके लिए विद्यार्थी और अभिभावकों की सहमति जरूरी है| यदि विद्यार्थी ऑनलाइन शिक्षा चाहते हैं तो उन्हें ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध करानी होगी| ऐसी स्कूलें निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक परीक्षा का भी आयोजन कर सकती हैं| हांलाकि 8 महानगरों में फिलहाल सभी परीक्षा रद्द कर दी गई है| इन शहरों में न तो विद्यार्थियों को स्कूल बुलाया जाएगा और न ही उनकी परीक्षा ले जाएगी| महानगरों की स्कूलें केवल ऑनलाइन शिक्षा दे सकेंगी| चूडास्मा ने कहा कि राज्य के 8 महानगरों में 19 मार्च से सभी स्कूल-कॉलेज 10 अप्रैल तक बंद रहेंगी| 10 अप्रैल के बाद स्कूल-कॉलेज खोलने और परीक्षा के बारे में फैसला किया जाएगा|

Leave a Reply