रोहिंग्या शरणार्थियों पर अनिल विज का बयान- भारत कोई धर्मशाला नहीं, जहां कोई भी आकर बस जाए

अंबाला. रोहिंग्या मुसलमानों पर केंद्र के बाद हरियाणा सरकार (Haryana Government) भी गंभीर नजर आ रही है. प्रदेश के मेवात इलाके में रोहिंग्या मुस्लिमों (Rohingya Muslims) के बसने की खबरों के बाद अब हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने बड़ा बयान दिया है. विज ने कहा कि भारत देश कोई धर्मशाला नहीं, जहां कोई भी आकर बस जाए. विज ने कहा कि प्रदेश में रोहंगिया की जानकारी एकत्रित की जा रही है. ऐसे में इसका इंतजाम जरूर किया जायेगा.
बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के मेवात (नूहं) में रोहिंग्या मुसलमानों की तादाद बढ़ती जा रही है. मेवात में लोग इन रोहिंग्या मुसलमानों के शरणदाता बन गए हैं. विश्व हिंदू परिषद ने हरियाणा में रोहिंग्या की भारी तादाद में मौजूदगी के दस्तावेजों के साथ उनके यहां रहने को देश और प्रदेश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताया है.
केंद्र की तर्ज पर हरियाणा सरकार भी हालांकि इन रोहिंग्या मुसलमानों को प्रदेश में नहीं रहने देने के हक में है और बनाए जा रहे परिवार पहचान पत्रों के जरिये उनकी पहचान कर उन्हें प्रदेश से रुखसत करने का रास्ता भी तैयार कर रही है. इनको प्रदेश से बाहर निकालने में अभी थोड़ा वक्त लग सकता है, लेकिन तब तक किसी भी देशविरोधी घटना की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता.
वहीं बीते रोज सोनीपत कोर्ट में एक पुलिसकर्मी द्वारा ही कुख्यात अपराधी को गोली मारे जाने की वारदात के बाद अब हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने बड़ा फैसला लिया है. अनिल विज ने बढ़ते अपराध को मद्देनजर रखते हुए फैसला लिया है कि अब हरियाणा की अदालतों में सुरक्षा के बंदोबस्त और कड़े किये जायेंगे. विज ने कड़े शब्दों में कहा कि कहीं भी किसी की भी दादागिरी नहीं चलने दी जाएगी.
