गेल और रिचर्ड्स सहित वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटरों ने कोविड-19 टीके के लिए मोदी को धन्यवाद कहा

जमेका। वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटरों विवियन रिचर्ड्स, क्रिस गेल सहित कई अन्य पूर्व क्रिकेटरों ने कोविड-19 टीके के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। भारत सरकार ने 'वैक्सीन मैत्री' अभियान के तहत कैरेबियाई देशों को भी टीका दिया है। इसी की खेप जब जमैका पहुंची तो क्रिकेट की दुनिया में 'यूनिवर्स बॉस' के नाम से मशहूर गेल ने एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री के साथ ही भारत के लोगों का भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन देने के लिए मैं भारत सरकार, प्रधानमंत्री मोदी और भारत की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं। हम इसकी सराहना करते हैं।
गेल ने साथ ही कहा, "मैं जमैका को कोरोना वैक्सीन देने के लिए पीएम मोदी, भारत सरकार और भारत की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं। हम इस रवैये की सराहना करते हैं।" वहीं रिचर्ड्स ने ट्विटर पर एक वीडियो में कहा, ''मैं एंटीगा और बारबाडोस के लोगों की तरफ से भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता का शुक्रिया करना चाहूंगा कि उन्होंने हमें कोरोना वैक्सीन की खेप पहुंचायी। इससे भविष्य में हमारे रिश्ते और भी बेहतर होंगे।'' वहीं रिचर्ड्सन ने कहा, ''मैं एंटीगा और बारबाडोस की ओर से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताना चाहता हूं कि उन्होंने भारत में बनी कोरोना वैक्सीन की 40 हजार डोज हमें भेजी। हम आपके आभारी हैं, बहुत-बहुत शुक्रिया।''
वहीं वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के निदेशक और पूर्व कप्तान जिमी एडम्स ने कहा, ''जिस तरह भारत सरकार कैरीकॉम (20 कैरेबियाई देशों को कोरोना वैक्सीन पहुंचा रही है, वो वाकई तारीफ का काम है। इससे जमैका के लोगों को भी बहुत फायदा होगा. मैं इस शानदार अभियान के लिए कैरेबियाई लोगों ओर से आपका शुक्रिया करना चाहूंगा।'' वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर रामनरेश सरवन ने भी मोदी की तारीफ की, उन्होंने कहा, ''मैं हमें कोरोना वैक्सीन पहुंचाने के लिए आपका शुक्रिया अदा करना चाहूंगा।'' इसके आलावा आंद्रे रसेल ने भी मोदी का धन्यवाद दिया है। रसेल ने एक वीडियो संदेश में कहा, ''मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय उच्चायोग को धन्यवाद देना चाहता हूं। वैक्सीन यहां आ चुकी हैं और हम बहुत उत्साहित हैं। मैं दुनिया को दोबारा सामान्य हाल में लौटते हुए देखना पसंद करूंगा।''
