शादीशुदा युवती की हत्या में पिता-चाचा गिरफ्तार

फरीदाबाद । फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सेक्टर-2 में एक युवती की अपने ही घर में गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में उसके पिता और चाचा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पिता राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) में सब-इंस्पेक्टर और चाचा हरियाणा पुलिस में सिपाही है। बताया जा रहा है कि युवती ने 8 मार्च को अपनी मर्जी से दूसरे समुदाय के युवक के साथ आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। दोनों परिवार इस शादी से खुश नहीं थे। इसके चलते युवक-युवती ने अदालत से सुरक्षा मांगी थी। हालांकि, बाद में सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया और दोनों परिवार भी उनकी शादी करने के लिए राजी हो गए। सगाई भी हो गई, लेकिन 15 मार्च को होने वाली शादी नहीं हुई। 17 मार्च की देर रात युवती की हत्या कर दी गई। शहर थाना पुलिस ने युवती के पति के बयान पर युवती के पिता और चाचा के खिलाफ आईपीसी की धारा 201, 302, 34, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मुकेश कॉलोनी निवासी सागर यादव ने पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह मेवला महाराजपुर एक कंपनी में नौकरी करता है। 8 फरवरी को उसने और सोहन पाल राणा की पुत्री कोमल निवासी सेक्टर-2 के साथ अपनी मर्जी से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। दोनों परिवार उनकी शादी से खुश नहीं थे। इस कारण उन्होंने अदालत से सुरक्षा की गुहार लगाई। इसके बाद उन्हें सेक्टर-30 स्थित पुलिस लाइन में बने शेल्टर होम में रखा गया। आखिर 11 फरवरी को दोनों को अदालत में पेश किया गया। इसके बाद दोनों ने सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद अदालत से बाहर निकलते ही दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए। 15 मार्च को दोनों की शादी करने के लिए हामी भर दी गई। इसके बाद कोमल अपने घर चली गई और वह अपने घर चला गया।.

Leave a Reply