28 केस में वांडेट इनामी नक्सली रामबाबू पर कसा ईडी का शिकंजा, 40 लाख की संपत्ति जब्त

पटना। बिहार के नक्सलियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का शिकंजा कसता जा रहा है। इसी क्रम में ईडी की पटना यूनिट ने 5 लाख के इनामी नक्सली रामबाबू राम और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित 40 लाख से अधिक की चल और अचल संपत्ति को जब्त कर लिया है। नक्सली रामबाबू का प्रभाव उत्तर बिहार के कई जिलों के अलावा खासकर पूर्वी चंपारण में है। उसके खिलाफ बिहार के विभिन्न थानों में 28 मामले दर्ज हैं जिसमें कई में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।
  रामबाबू राम उर्फ राजन उर्फ प्रहार उर्फ निखिल प्रतिबंधित भाकपा (मओवादी) संगठन का सक्रिय सदस्य है। उस पर राज्य सरकार ने 5 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश रचने के अलावा विस्फोटक अधिनियम का विभिन्न धाराओं में उसके खिलाफ बिहार के कई थानों में मामला दर्ज हैं। ईडी के मुताबिक रामबाबू ने राज्य में चल रहे कई विकास परियोजनाओं में लेवी और रंगदारी की वसूली कर लाखों की अकूत चल और अचल संपत्ति पत्नी, मां, भाई और साले के नाम पर खड़ा कर रखा था। लेवी से वसूली गई रकम से रामबाबू ने पत्नी सुनीता देवी, मां माया देवी, भाई संजय राम, श्यामबाबू राम और अपने साले रामस्वारथ राम के नाम पर कई जगह जमीन की खरीदारी के अलावा कई जगहों पर मकान बना रखा था। इसमें दो जमीन और मकान मोतिहारी के मधुबन में, जबकि 6 जमीन और मकान चकिया और शिवहर में स्थित हैं, जिसकी कीमत 40 लाख 23 हजार  रुपए आंकी गई थी, हालांकि बाजार भाव इससे कहीं अधिक है। फिलहाल अंतरिम तौर पर इन संपत्तियों को ईडी ने जब्त किया है। 6 महीने के भीतर इस पर दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकार द्वारा सुनवाई की जाएगी। 

Leave a Reply