बिहार में कोरोना वायरस के आए 88 नए मामले, दो मरीजों की मौत

पटना । बिहार में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान 88 नए मामले सामने आए हैं,जिसमें सबसे ज्यादा पटना में 41 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 472 पहुंच गई है जिसमें पटना सबसे टॉप पर है। स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि सबसे अधिक 217 एक्टिव मामले पटना में हैं। स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले मेूं जहां संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है वहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों की भी मौत होने लगी है, 24 घंटे में पटना एम्‍स में दो मरीजों की मौत हो गई जिसमें एक पटना सिटी तो  दूसरा गया का संक्रमित मरीज शामिल है। फिलहाल अब राज्य सरकार के आदेश पर लगातार स्टेशनों, बस स्टॉप, हवाई अड्डों पर कोरोना जांच की जा रही है लेकिन फिर भी 70 प्रतिशत लोग लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं और ना तो मास्क लगा रहे हैं और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नजर आ रहे हैं। विधानसभा सत्र स्थगित रहने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने भी कोरोना को लेकर हाई लेवल मीटिंग रखी जिसमें अधिकारियों और मंत्रियों के साथ ना सिर्फ पूरे मामले पर समीक्षा की बल्कि कई निर्देश भी दिए है। सीएम के साथ बैठक में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी और दोनों विभाग के अपर मुख्य सचिव और प्रधान सचिव भी मौजूद रहे। जानकारी के मुताबिक, सीएम ने जहां टेस्टिंग क्षमता बढ़ाने का निर्देश दिया, वहीं अस्पतालों में भी पूरी तरह तैयारी मुकम्मल रखने का आदेश दिया। सबसे ज्यादा मरीजों की संख्या पटना में बढ़ती जा रही है जहाँ 19 मार्च को नए कोरोना संक्रमितों की संख्या 25 थी, जो बढ़कर दोगुनी हो गई।

यह जानकारी देते हुए पटना की सिविल सर्जन डॉ विभा कुमारी सिंह ने कहा कि लगभग 15 से ज्यादा माइक्रो कंटेन्मेंट जोन बनाये गए हैं और जैसे-जैसे संक्रमितों की संख्या बढ़ेगी तो कंटेन्मेंट जोन की संख्या और बढ़ाई जाएगी। बता दें कि शनिवार को बिहार में 55,376 सैम्पल की जांच हुई है जिसमें पटना में कुल 3585 सैंपल की जांच हुई है। इसमें एंटीजन टेस्ट 1361 और आरटी-पीसीआर 2217 हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि बिहार में अब तक 2,63,443 लोग संक्रमित हुए हैं जिसमें 2,61,413 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। बिहार में अब एक्टिव मामलों की संख्या 472 है।

Leave a Reply