परिवार वालों ने थाने के सामने सड़क पर शव रख किया प्रदर्शन,

परिवार वालों ने थाने के सामने सड़क पर शव रख किया प्रदर्शन, जांच के आश्वासन के बाद माने
जेपी अस्पताल के बाथरूम में मृत मिले होमगार्ड के परिजनों ने बुधवार को शव को कमला नगर थाने के सामने सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया।
भोपाल में आबकारी विभाग में पदस्थ होमगार्ड का शव मिला था
राजधानी में आबकारी विभाग में पदस्थ होमगार्ड पुष्पराज गौतम के शव को लेकर परिवार वाले बुधवार को कमला नगर थाने के सामने बैठ गए। परिवार वालों ने पुष्पराज की हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष न्यायिक जांच की मांग की। मौके पर प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंच गए। आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म कर शव का अंतिम संस्कार किया गया।
मंगलवार शाम पुष्पराज का शव अस्पताल के बाथरूम में मिला था। दूसरे दिन बुधवार को परिजन पुष्पराज का शव लेकर दोपहर करीब 1 बजे कमला नगर थाने के सामने पहुंच गए। यहां शव सड़क पर रख प्रदर्शन करने लगे। परिवार वालों का कहना था कि पुष्पराज की हत्या की गई है। शरीर पर चोट के निशान हैं। साथ ही, उन्होंने मृतक की पत्नी के लिए नौकरी और मुआवजे की भी मांग की। कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
विधायक का कहना है कि जयप्रकाश अस्पताल कोरोना का नोडल अस्पताल है। आश्चर्य है, एक व्यक्ति गुम हो जाता है। अस्पताल प्रबंधन तीन-चार बार तलाश करने के बाद थाने में उसके भगोड़ा होने की रिपोर्ट लिखाता है। फिर अस्पताल के बाथरूम में ही शव मिलता है। घटना के पीछे कोई साजिश है। विधायक का आरोप है, कोविड मरीजों के इलाज के लिए कुछ नहीं किया जा रहा। मामले में एनएचएम की डायरेक्टर छवि भारद्वाज को फोन लगाया, मैसेज किया, लेकिन जवाब नहीं आया। पीड़ित परिजनों को 50 लाख रुपए मुआवजा, पत्नी को नौकरी और मामले की न्यायिक जांच की मांग की है।
आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म
मौके पर एसडीएम संजय श्रीवास्तव और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। उन्होंने जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने प्रदर्शन खत्म कर शव का अंतिम संस्कार किया।
यह है मामला
जय प्रकाश जिला अस्पताल में होमगार्ड पुष्पराज गौतम कोरोना वैक्सीन लगाने के दो दिन बाद तबीयत बिगड़ गई थी। उसे शनिवार को अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन रविवार रात 8 बजे के बाद परिवार से संपर्क नहीं हो पाया। सोमवार को दिनभर खोजने के बाद परिवार वालों ने शाम को हबीबगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद मंगलवार शाम पुष्पराज का शव अस्पताल के ही बाथरूम में मिला।
