पिता की याद में कुणाल और हार्दिक ड्रेसिंग रूम में रखे रहते हैं उनका बैग

पुणे । हार्दिक पंड्या और उनने भाई क्रुणाल पंड्या ने कहा है कि वह पिता को याद कर ड्रेसिंग रूम में उनका बैग रखे रहते हैं। दोनो भाईयों का कहना है कि पिता की मौजूदगी का एहसास करने के लिए उन्होंने उनका बैग ड्रेसिंग रूम में रखा है। बीसीसीआई ने क्रुणाल और हार्दिक की बातचीत का वीडियो ट्वीट किया हैं।
पहले एकदिवसीय में पदार्पण के बाद बड़े भाई क्रुणाल ने कहा कि सपना सच हो गया। यहां तक पहुंचने के लिए मैंने कड़ी मेहनत की, खासतौर से पिछले कुछ महीने केवल क्रिकेट ही नहीं, पिता की देखभाल से लेकर हर चीज में मैंने मेहनत की। ये सब भी उन्हें ही समर्पित है क्योंकि सब कुछ उनके आशीर्वाद से ही संभव हो पाया है। ये भावुक पल है। गौरतल है कि क्रुणाल अपने पिता के निधन के बाद पहली बार भारतीय टीम की ओर से खेल रहे थे।
हार्दिक और क्रुणाल एक-दूसरे के काफी करीब हैं। कठिन समय में दोनों ने एक-दूसरे का काफी साथ दिया है। हार्दिक ने मैच के बाद क्रुणाल को टैग करते हुए ट्विटर पर लिखा, 'पापा को आपके ऊपर गर्व हुआ होगा। वो आपके लिए मुस्कुरा रहे होंगे भाई और उन्होंने आपके जन्मदिन से पहले एक गिफ्ट भेजा है। आप बहुत कुछ डिजर्व करते हो। मैं आपके लिए इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकता भाई। ये आपके लिए था पापा।
गौरतलब है कि हार्दिक और क्रुणाल के पिता हिमांशु पंड्या का दिल का दौरा पड़ने से इसी साल 16 जनवरी को निधन हो गया था। यही वजह है कि क्रुणाल और हार्दिक दोनो उन्हें याद कर भावुक हो जाते हैं। हार्दिक और क्रुणाल क्रिकेटर बनाने में उनके पिता ने कई त्याग करते हुए शहर और कामकाज तक बदल दिया था।
