बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर रेलकर्मी को मारी गोली, मौत

बेगूसराय । बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने एक रेलकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी है। अपराधियों ने इस वारदात को रेलकर्मी के घर में घुसकर अंजाम दिया। यह घटना बरौनी रेल थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी की है। मृतक की पहचान बरौनी रेलवे में विद्युत विभाग में कार्यरत रेलकर्मी सतीश चौधरी के रूप में की गई है। इस घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस एवं आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए और मामले की छानबीन शुरू कर दी लेकिन अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के मुताबिक, देर रात जब रेलकर्मी सतीश चौधरी ड्यूटी से वापस अपने घर आए। तभी अपराधी भी पहुंच गए और पहले सतीश चौधरी को बुलाने लगे। बुलाने क आवाज सुनकर सतीश चौधरी जैसे ही घर से बाहर निकलने लगे अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। जब तक परिजन कुछ समझ पाते और इलाज के लिए ले जाते सतीश चौधरी की मौत हो चुकी थी। सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अब यह दावा नहीं किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
