ऋषि कपूर-राजीव कपूर को याद कर भावुक हुए बड़े भाई रणधीर कपूर

बॉलीवुड की फर्स्ट फैमली' कहलाने वाले कपूर परिवार ने पिछले एक साल में अपने दो अहम सदस्यों को खोया है। ये हैं ऋषि कपूर और राजीव कपूर। ऋषि कपूर का निधन पिछले साल 30 अप्रैल को, जबकि राजीव कपूर का निधन इसी साल 9 फरवरी को हुआ। इन दोनों मौतों ने सबसे ज्यादा उनके बड़े भाई रणधीर कपूर को तोड़ दिया, जिनके लिए ये सदमा बहुत बड़ा था। राजीव कपूर की मौत के समय तो रणधीर कपूर की उनके सबसे नजदीक थे और उन्होंने ही हार्ट अटैक आने के बाद राजीव को अस्पताल में भर्ती कराया था।
ऐसे में हाल ही में रणधीर कपूर अपने दोनों छोटे भाइयों को याद कर काफी इमोशनल हो गए। रणधीर कपूर ने एक थ्रोबैक फोटो शेयर की। ये राजीव और ऋषि कपूर के जवानी के दिनों की फोटो है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि वह दोनों भाइयों को कितना याद करते हैं और उन्हें हमेशा याद करते रहेंगे। उन्होंने ये भी उम्मीद जताई की दोनों जहां भी होंगे बहुत ही खुश होंगे। तस्वीर में ऋषि कपूर, राजीव कपूर के कंधे पर हाथ रखे नजर आ रहे हैं।
तस्वीर को शेयर करते हुए रणधीर कपूर ने लिखा, ' मैं मेरे प्यारे भाइयों को हमेशा याद करूंगा। उम्मीद करता हूं कि आप दोनों जहां भी होंगे, खुश होंगे।" रणधीर की इस पोस्ट पर ऋषि कपूर और राजीव कपूर के फैंस भी कमेंट कर उन्हें याद कर रहे हैं। रणधीर की इस पोस्ट पर भतीजे अरमान जैन ने भी कमेंट किया और अपने दोनों मामाओं को याद किया। ऋषि कपूर कैंसर से जूझ रहे थे और उन्हें पिछले साल मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उन्होंने 30 अप्रैल को आखिरी सांस ली। जबकि राजीव कपूर को हार्ट अटैक आने के बाद अस्पताल ले जाया गया और इस साल 9 फरवरी को वह भी इस दुनिया से अलविदा कह गए।
