राजस्थान में कोरोना संक्रमण बेकाबू, एक दिन में मिले 1081 नए केस, जयपुर के आंकड़े डरावने

जयपुर. राजस्थान में कोरोना संक्रमण (Corona virus) अनकंट्रोल हो गया है. प्रदेश भर में रविवार को 1000 से ज्यादा नए मामले सामने आए. कुल 1081 नए मामले दर्ज किए गए. इसमें राजधानी जयपुर में सबसे ज्यादा 209, जोधपुर में 172, कोटा में 98, अजमेर में 65, अलवर में 29, बांसवाड़ा में 21 नए मामले मिले हैं.
वहीं बारां में 12, भीलवाड़ा में 31, बीकानेर में 17, बूंदी में 12, चित्तौड़ में 27, डूंगरपुर में 59, झालावाड़ में 11, नागौर में 19, पाली में 12, राजसमंद में 62, सीकर में 28, सिरोही में 58, उदयपुर में 89 नए मामले सामने आए हैं. पिछले 24 घंटों में कोरोना से राजसमंद में 2 की मौत हुई है, वहीं अब प्रदेश में 7 हजार 159 हुए एक्टिव मरीज हैं.
इधर, राजस्थान सरकार ने होली और शब-ए-बारात (Shab-e-baraat) पर होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए समय तय कर दिया है. गृह विभाग द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार, 28 और 29 मार्च को शाम चार बजे से रात्रि 10 बजे तक सार्वजनिक स्थानों पर आयोजनों की अनुमति होगी. उल्लेखनीय है कि राजस्थान में बढ़ते कोरोना वायरस (Corona virus) संक्रमण के मद्देनजर राज्य सरकार ने 24 मार्च को एक आदेश जारी कर होली और शब-ए-बारात पर होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी थी.बता दें कि कि राजस्थान में बढ़ते कोरोना वायरस (Corona virus) संक्रमण के मद्देनजर राज्य सरकार ने 24 मार्च को एक आदेश जारी कर होली और शब-ए-बारात पर होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी थी.
लॉकडाउन नहीं लगाएंगे, लेकिन सख्ती बरतनी होगी: सीएम गहलोत
वहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) ने कहा है कि कोरोना वायरस को लेकर जनता लापरवाही बरत रही है. ऐसे में सरकार को सख्त कदम उठाने पड़ेंगे. हालांकि, सीएम ने कहा कि अभी बिना लॉकडाउन के ही यह सख्ती बरती जाएगी. शनिवार को सीएम गहलोत ने कहा कि पिछले साल 18 मार्च को कोरोना के 14 केस थे. जबकि इस बर 18 मार्च को 327 केस सामने आए. देश के कई राज्यों में हालात खराब हैं. नए स्ट्रेन सामने आ रहे हैं.
